अमर उजाला के आओ वोट करें अभियान के तहत हरियाणा के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, सेलिब्रिटी, विभिन्न मामलों के विशेषज्ञ, अभिनेता, धर्मगुरु, डॉक्टर, प्रोफेसर व अति गण्यमान्य लोग आपसे मतदान की अपील कर रहे हैं। अब तक कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, माडल इस अभियान से जुड़ चुके हैं।
लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। हरियाणा में पिछले दो लोकसभा चुनाव में मतदान का औसतन 70 फीसदी तक रहा है। इस बार चुनाव आयोग ने इसे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके लिए चुनाव आयोग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में अमर उजाला ने भी अपने महाअभियान 'आओ वोट करें' की शुरुआत की है।
विज्ञापन
चुनाव आयोग की तरफ से फरवरी में अपडेट की गई मतदाता सूची के अनुसार 2019 के लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक 23 लाख नए वोटर जुड़े हैं। हालांकि मतदाता पंजीकरण का कार्य अब भी जारी है। हरियाणा में कुल मतदाताओं की संख्या 1.98 करोड़ है। इनमें पुरुष 1.05 करोड़ (53 प्रतिशत) व महिलाएं 93 लाख (47 प्रतिशत) हैं। इनके अलावा 452 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। पांच साल पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 1.80 करोड़ मतदाता थे।
शख्सियतों की अपील-सबकी सुनो और फिर अच्छी सरकार चुनो
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजमेर सिंह मलिक ने वीडियो संदेश जारी कर पूरे हरियाणावासियों से मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा, 19 अप्रैल से 19वीं विधानसभा के गठन के लिए चुनाव होने निश्चित हुए हैं। मेरी अपील है कि चुनाव में सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मतदान का उपयोग करें।
रोहतक की अंतरराष्ट्रीय पहलवान सारिका ने कहा कि युवाओं को आगे आकर जागरूक करने व मतदान जरूर करने की अपील की है। उनका कहना है कि आपका एक वोट बेहतरनी सरकार बनाने व एक अच्छा नेता चुनने में आपकी मदद कर सकता है।
रोहतक की ही अंतरराष्ट्रीय पहलवान रीतिका हुड्डा रोज अपने अखाड़े में प्रैक्टिस के साथ-साथ दूसरों को जागरूक भी कर रही हैं। उनका कहना है कि आने वाले चुनाव में अपना कीमती वोट जरूर डालिए, ताकि देश में एक बेहतरीन सरकार बन सके।
पैरा ओलंपिक विजेता व निर्वाचन आयोग के आइकन सुमित अंतिल ने कहा कि मतदान में युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। जितना अधिक लोग मतदान के प्रति जागरूक होंगे, उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा।
इसी तरह पैरा ओलंपियन खिलाड़ी व हरियाणा निर्वाचन आयोग के आइकन अमित सरोहा का कहना है कि लोकतंत्र में मतदान ही सबसे बड़ी ताकत होती है। मतदान के जरिए हम लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। हर व्यक्ति को मतदान का प्रयोग करना चाहिए।
हरियाणा कला परिषद की को-आर्डिनेटर, मॉडल व सोशल वर्कर रजनी बैनीवाल का कहना है कि 18वीं लोकसभा का चुनाव होने को है और भारत एक लोकतांत्रिक देश है। प्रत्येक नागरिक को मतदान के जरिए अपनी पंसदीदा सरकार चुनने का अधिकार है। आप सभी से मेरी अपील है कि मतदान अवश्य करें और अपनी पसंदीदा सरकार का चयन करें।
अभी वोट नहीं बना तो घबराएं नहीं, ऐसे मतदाता सूची में दर्ज करवाएं अपना नाम
यदि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो अब भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट पर फार्म नंबर छह भरना होगा। इसे आप ऑनलाइन भी भर सकते हैं। फार्म के साथ ही दिशा-निर्देश भी लिखे हुए हैं। उसे पढ़ने के बाद आनलाइन फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। यदि ऑनलाइन फार्म नहीं भरना है तो वेबसाइट से फार्म डाउनलोड कर उसे मैन्युअली भरकर अपने इलाके के बीएलओ को दे सकते हैं।
मतदाता पंजीकरण के लिए भारत का निवासी और 18 साल से ऊपर होना जरूरी है। फार्म के साथ तीन दस्तावेज भी देंगे होंगे। पहला रंगीन फोटो। दूसरा उम्र का दस्तावेज। तीसरा घर के पते के लिए दस्तावेज। इसके बाद बीएलओ आपके घर पर सत्यापन के लिए आएगा। यदि आप एनआरआई हैं तो इसके लिए आपको फॉर्म 6ए भरना होगा।
हरियाणा में मतदाता का पूरा ब्यौरा
18 से 29 साल : 42 लाख 90 हजार 640 (21.64 फीसदी): इनमें महिलाएं : 1716985
18 से 19 साल के 363491
पुरुष मतदाता : 243133
महिला मतदाता 120339
ट्रांसजेंडर 19
20 से 29 साल के 3927149
पुरुष : 2330286
महिला : 1596646
ट्रांसजेंड : 217
सबसे ज्यादा दबदबा 30 से 39 आयु वर्ग का
कुल वोटर : 46 लाख 36100 (22 फीसदी)
फर्स्ट टाइम वोटर : 363491
पुरुष : 243133
महिला : 120339
सिर्फ एक फीसदी बढ़ा महिला वोट
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में एक करोड़ 80 लाख 56 हजार 896 मतदाता थे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 83 लाख 40 हजार 173 थी, जो कुल वोटो की 46 फीसदी हिस्सेदारी थी। वहीं, साल 2024 में 93 लाख मतदात है, जो करीब 47 फीसदी हैं। पिछले साल की तुलना में सिर्फ एक फीसदी ही वोट बढ़ा है।
पुरुषों से ज्यादा हैं बुजुर्ग महिला वोटर
18 से लेकर 60 साल की उम्र तक महिला मतदाता की संख्या पुरुषों के मुकाबले काफी कम है। 60 साल की उम्र के बाद यह संख्या काफी बढ़ जाती है। इस आयु वर्ग में पुरुष मतदाता की संख्या 10 लाख 64 हजार 171, जबकि महिला मतदाता की संख्या 10 लाख 80 हजार 766 मतदाता हैं। इसी तरह से 70-79 आयु वर्ग में पांच लाख 19 हजार 173 हैं, वहीं महिला वोटरों की संख्या पांच लाख 69 हजार 730 है।