फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब विधानसभा चुनाव : मतदान आज, 2.14 करोड़ वोटर करेंगे 1304 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Sun, 20 Feb 2022 12:28 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

मतदान के लिए कुल 24689 पोलिंग स्टेशन और 51 सहायक पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 2013 की पहचान गंभीर और 2952 संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों के तौर पर की गई है।
विज्ञापन
पंजाब विधानसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज सुबह 8 से शाम 6 बजे तक राज्य के 2.14 करोड़ मतदाता कुल 1304 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद कर देंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस. करुणा राजू ने बताया कि चुनाव के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को यकीनी बनाया जा सके।

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 21499804 वोटर हैं, जिनमें 11298081 पुरुष, 10200996 महिला और 727 ट्रांसजेंडर हैं। 117 हलकों में 1304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 1209 पुरुष, 93 महिला और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं। इन उम्मीदवारों में से 231 राष्ट्रीय पार्टियों, 250 प्रांतीय पार्टियों, 362 गैर-मान्यता प्राप्त पार्टियों से संबंधित और 461 आजाद उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ रहे 315 उम्मीदवार आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं।

डॉ. राजू ने बताया कि पोलिंग स्टेशनों वाले 14684 स्थानों पर कुल 24689 पोलिंग स्टेशन और 51 सहायक पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 2013 की पहचान गंभीर और 2952 संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि 1196 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 196 महिला संचालित पोलिंग स्टेशन और 70 दिव्यांगों द्वारा संचालित पोलिंग स्टेशन होंगे। सभी पोलिंग स्टेशनों की वेबकास्टिंग की जा रही है।
विज्ञापन


इस चुनाव में 28328 बैलेट यूनिट और 24740 ईवीऐम-वीवीपैट का प्रयोग किया जा रहा है। कुल 6 विधानसभा हलके  52-खरड़, 59-साहनेवाल, 61-लुधियाना दक्षिणी, 67-पायल, 110-पटियाला ग्रामीण और 115-पटियाला में दो-दो बैलेट यूनिट हैं।

कुल 67 स्थानों पर बनेंगे 117 ईवीएम स्ट्रांग रूम

डॉ. राजू ने बताया कि तीन विशेष स्टेट ऑब्जर्वरों के अलावा भारतीय निर्वाचन आयोग ने 65 जनरल ऑब्जर्वर, 50 व्यय पर्यवेक्षक और 29 पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों की सहायता के लिए 2083 सैक्टर अफसर तैनात किए गए हैं। राज्य में 17 विधानसभा हलकों की शिनाखत व्यय संवेदनशील के तौर पर की गई है। उन्होंने कहा कि 117 डिसपैच सेंटर और 117 कुलैकशन सेंटर हैं, जबकि राज्य में 67 स्थानों पर 117 ईवीऐम स्ट्रांग रूम स्थापित किये गए हैं।

पोलिंग बूथों पर पेयजल, व्हीलचेयर व कोविड-19 निरोधक सामग्री

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर पीने वाला साफ पानी, टैंट और कुर्सियों समेत कम से कम सुविधाओं, कम से कम एक व्हील चेयर की उपलब्धता को यकीनी बनाया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर दस्ताने, सैनीटाईजर, साबुन और मास्क समेत कोविड-19 सामग्री होगी जबकि अवशेष के उचित निपटारे के लिए कूड़ादान और रंगदार थैले रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग स्टाफ को खाना और रिफरैशमेंट मुहैया करवाई जाएगी। डॉ. राजू ने पोलिंग स्टेशनों पर वोटरों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने समेत कोविड-19 प्रोटोकोल की पालना करने की भी अपील की।

पोस्टल बैलेट के लिए फार्म-डी

उन्होंने आगे बताया कि 80 साल से अधिक उम्र के 444721 व्यक्ति, 138116 दिव्यांग वोटर और 162 कोविड-19 मरीजों को पोस्टल बैलट सुविधा के लिए फार्म डी मुहैया करवाए गए हैं।

पहली बार वोट डालेंगे 348836 वोटर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस बार 18-19 साल उम्र वर्ग के 348836 वोटर अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करेंगे और प्रत्येक जिला प्रशासन पहली बार इन नौजवान वोटरों को प्रेरित करने के लिए जरुरी कदम उठा रहा हैं। उन्होंने बताया कि 80 साल से अधिक उम्र के 509405 वोटर, 109624 सर्विस वोटर और 158341 दिव्यांग वोटर हैं, जबकि 1608 प्रवासी वोटर हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार वोट डालने वाले वोटरों को वेलकम किटें जारी की गई हैं, जबकि लोगों को उनके वोट के अधिकारों के बारे जागरूक करने के लिये वोटर सूचना गाइडें भी वितरित की गई हैं।

पोलिंग पार्टियों के लिए 5000 से अधिक बसें

डॉ. राजू ने बताया कि जीपीएस से लैस 9966 वाहनों का प्रयोग चुनाव ड्यूटियों के लिए किया जा रहा है। पोलिंग पार्टियाँ को पोलिंग स्टेशनों पर भेजने के लिए 5000 से अधिक बसों का प्रयोग किया जा रहा है। डॉ. राजू ने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से पूरा करने के लिए राज्य भर में तैनात पुलिस पार्टियां शराब, नशीले पदार्थों और पैसे के लेन-देन को रोकने के लिए चौकसी से तलाशी ले रही हैं। वोटरों को भ्रमित करने के लिए शराब, नशीले पदार्थों और पैसे के वितरण की घटनाओं को रोकने के लिए सभी डीसी, सीपी और एसएसपी सख्त निगरानी रख रहे हैं और सूचना या शिकायत मिलने पर तुरंत छापेमारी की जा रही है।

500 करोड़ का सामान जब्त, 3467 एफआईआर दर्ज

आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद 18 फरवरी तक अलग-अलग इनफोर्समेंट टीमों ने 500.70 करोड़ रुपये कीमत का सामान जब्त किया है। पंजाब आबकारी विभाग की निगरान टीमों ने 35.43 करोड़ रुपये की 58.18 लाख लीटर शराब जब्त की है। इसी तरह, इनफोर्समेंट विंग ने 368.60 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं और 32.52 करोड़ रुपये की बेनामी नकदी भी जब्त की है। डॉ. राजू ने बताया कि राज्य में 9 जनवरी से 18 फरवरी तक 3467 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि कुल 3467 एफआईआर में से 93 आईपीसी, 22 आरपी एक्ट, 203 प्रॉपर्टी डीफेसमेंट, 40 कोविड-19 से संबंधित, 902 एनडीपीएस के तहत, 2109 आबकारी से संबंधित, 80 हथियारों से और 18 अन्य मामले हैं।

चंडीगढ़ में 3 किमी. तक शराब की बिक्री पर रोक

डॉ. राजू ने यह भी बताया कि आखिरी 48 घंटों संबंधी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रक्रिया (एसओपी) 18 फरवरी शाम 6 बजे से लागू हो चुकी है। चुनाव के मद्देनजर पंजाब में इस साईलेंस पीरियड के दौरान शराब की बिक्री पर मुकम्मल पाबंदी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पड़ोसी राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के 3 किलोमीटर के दायरे में आते शराब के ठेकों को भी इस समय के दौरान ड्राई डे घोषित किया गया है।

विज्ञापन


कुल वोटर : 2149980
पुरुष : 11298081
महिलाएं : 10200996
ट्रांसजेंडर : 727

कुल प्रत्याशी : 1304
पुरुष : 1209
महिलाएं : 93
ट्रांसजेंडर : 2
राष्ट्रीय दलों के : 231
क्षेत्रीय दलों के : 250
गैर मान्यता प्राप्त दलों के : 362
निर्दलीय प्रत्याशी : 461

कुल पोलिंग स्टेशन : 24689
सहायक पोलिंग स्टेशन : 51
गंभीर प्रवृति के : 2013
संवेदनशील : 2952

कुल बैलेट यूनिट : 28328
कुल ईवीएम-वीवीपैट: 24740
6 हलकों में 2-2 बैलेट यूनिट

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें