इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विजिबिलिटी खराब होने के कारण वीरवार को सभी 32 फ्लाइट रद्द कर दी गईं। विजिबिलिटी खराब होने के कारण मुंबई, दिल्ली, पुणे, इंदौर, बंगलूरू, अहमदाबाद, श्रीनगर, हैदराबाद, कुल्लू, जयपुर, लेह, दुबई, शारजाह की फ्लाइट्स रद्द हो गईं। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो, जेट एयरवेज सहित अन्य विमानन कंपनियों ने अपने काउंटर पर चार हजार यात्रियों को टिकट के रुपये रिफंड कर दिए गए।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर दीपेश जोशी ने बताया कि राजस्थान से चली धूल भरी आंधी का असर वायुमंडल पर बना है। इस कारण विजिबिलिटी कम हुई है। विजिबिलिटी 2500 मीटर की होने पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमान उड़ाया जा सकता है, लेकिन शहर में विजिबिलिटी सुबह के समय 800 से दोपहर तक 1500 मीटर थी। मौसम साफ नहीं होने के कारण लोकल और इंटरनेशनल किसी भी डेस्टिनेशन की फ्लाइट का संचालन नहीं हो पाया।
एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन सुबह 7.25 बजे से दोपहर बाद 3.55 बजे तक होता है। धूल भरे मौसम के कारण जब सुबह 7.30 बजे तक विजिबिलिटी ठीक नहीं हुई तो विमानन कंपनियों की ओर से यात्रियों के फोन पर फ्लाइट रद्द होने के मैसेज जाने लगे। इसके बाद भी यात्री एयरपोर्ट पर आए तो काउंटर पर उनके टिकट का रिफंड कर दिया गया। रिफंड होने के बाद यात्रियों ने दूसरे टिकट की बुकिंग कराई। इस कारण उन्हें परेशानी हुई।
एयर इंडिया ने बस से दिल्ली भेजे यात्री
एयर इंडिया की शारजाह, पुणे और मुंबई की फ्लाइट रद्द होने के बावजूद एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को बस से दिल्ली भेजा गया। उन्हें दिल्ली से डायरेक्ट फ्लाइट शारजाह सहित अन्य डेस्टिनेशन की मिलेगी। वहीं इंडिगो, जेट एयरवेज, स्पाइस जेट, गो एयर, एयर एशिया इंडिया, विस्तारा की ओर से बसों की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई। दिल्ली, मुंबई, दुबई, शारजाह, पुणे की फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों ने दूसरी फ्लाइट बुक कराई।
अहमदाबाद जाने वाले गौरांग पटेल ने बताया कि वह मनाली से घूमकर आए थे। डायरेक्ट फ्लाइट रद्द होने से वह टैक्सी का किराया खर्च कर दिल्ली जाएंगे। इसके बाद उन्हें फ्लाइट का सफर नसीब होगा। धर्मशाला के यात्री अमित ठाकुर ने बताया कि उन्होंने धर्मशाला से मुंबई जाने के लिए इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट बुक की थी। लेकिन फ्लाइट रद्द होने के बाद अब टैक्सी से दिल्ली जाना पडे़गा। इससे उन्हें दो गुना ज्यादा पैसा खर्च करना होगा।
दिल्ली से बुक कराई दूसरी फ्लाइट
चंडीगढ़ से दोपहर बाद 3.55 बजे इंडिगो की फ्लाइट दुबई जानी थी। मैं हरिद्वार, शिमला, मनाली घूमने के बाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट लेने आई थी। एयरपोर्ट आने के बाद पता चला कि दुबई की फ्लाइट्स का संचालन नहीं होगा। इससे परेशानी हुई है। अब मैंने दिल्ली से दूसरी फ्लाइट बुक कराई है।
- एलिना, दुबई, यात्री
पुणे के लिए नहीं मिली फ्लाइट
एयर इंडिया ने पुणे की फ्लाइट रद्द कर दी। अब बस से दिल्ली एयरपोर्ट जाना पड़ रहा है। वहां से हमें सुबह पांच बजे पुणे की दूसरी फ्लाइट मिलेगी। फ्लाइट रद्द होने से काफी परेशानी हो रही है।
- तेजस्वी कंबोज, पुणे, यात्री
दिल्ली जाने के बाद पहुंचेंगे श्रीनगर
मैं श्रीनगर के लिए फ्लाइट पकड़ने आया था, लेकिन फ्लाइट रद्द हो गई। अब मुझे दिल्ली जाने के बाद फ्लाइट अगले दिन मिलेगी। विमानन कंपनी ने थोड़ी देर पहली ही यह जानकारी दी थी। इस कारण मैं हिसार से चंडीगढ़ आ चुका था। अगर यह जानकारी पांच घंटे पहले मिल गई होती तो हम डायरेक्टर दिल्ली जाकर दूसरी फ्लाइट बुक कर लेते। अब मुझे दिल्ली से श्रीनगर की फ्लाइट दोगुने रेट में मिलेगी।
- अक्षय मलिक, श्रीनगर, यात्री
मुंबई के लिए बुक की दूसरी फ्लाइट
मुंबई के लिए दिल्ली से दूसरी फ्लाइट बुक की है। एयर इंडिया की दोपहर बाद 3.30 बजे जाने वाली फ्लाइट रद्द हो गई। अब दिल्ली जाने के बाद अगले दिन फ्लाइट मिलेगी। अगर ट्रेन बुक की होती तो भी 30 घंटे का समय लगता। मौसम खराब होने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
- रितेश, मुंबई, यात्री
किराया अधिक खर्च होगा
अब पुणे का सफर किराया अधिक खर्च करने के बाद होगा। पुअर विजिबिलिटी की जानकारी विमानन कंपनियों की ओर से देरी से दी जाती है। अगर यह जानकारी चार घंटे पहले मिली होती तो टिकट रद्द कर दूसरी बुकिंग कर सकते थे। लेकिन अब बस के सफर के बाद ही फ्लाइट मिलेगी।
- विशाल, पुणे, यात्री