राज्य के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि राइट टू सर्विस एक्ट के अधीन आम जनता को 147 सेवाएं ऑन लाइन मुहैया कराने वाला जल्दी ही पंजाब देश का पहला राज्य बन जाएगा।
जहां पर राज्य का कोई भी नागरिक अपने कंप्यूटर पर एक क्लिक कर इन सुविधाओं का लाभ उठा पाएगा। इस दौरान उन्होंने राज्य के पोर्टल www.punjab.gov.in. भी लोगों को समर्पित किया।
बादल ने कहा कि वेबसाइट से पहले चरण में 32 सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही अगले नौ महीनों में 147 सेवाएं प्रदान की जाएंगी। जिससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही हर सहूलियत तय समय एवं बिना किसी समस्या से प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि गांव के लोग यह सुविधाएं स्थापित होने वाले सुविधा केंद्रों के माध्यम से मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहली 32 सेवाओं में पेंशन, जिसमें बुढ़ापा पेंशन, अपाहिज, बच्चों की पेंशन के अलावा नेशनल परिवार लाभ स्कीम, शगुन स्कीम, वजीफा स्की, पोस्ट मेट्रिक, एससी, बीसी स्कीम समेत कई सेवाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिक राशन कार्ड एवं सूचना अधिकार सेवाएं इस पोर्टल पर ही हासिल कर सकते हैं। बादल ने कहा कि वह चाहते हैं कि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। घर बैठे ही लोगों को सारी सुविधाएं मिल जाएं। उन्होंने कहा कि सेवाएं ऑन लाइन के साथ डॉकघर के माध्यम से भी लोगों को पहुंचाई जाएंगी।
क्योंकि पोर्टल में ऑन लाइन फीस जमा कराने का प्रबंध किया गया है। लोगों को एसएमएस के माध्यम से जागरूक कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे पोर्टल राज्य, जिला एवं तहसील स्तर पर शुरू किए जाएंगे। इसके लिए 600 से अधिक सरकारी दफ्तरों को इंटरनेट के माध्यम से आपस में जोड़ दिया गया है। इस मौके पर सी राउल, डीसी मोहाली टीपीएस सिद्धू समेत कई अधिकारी मौजूद थे।