सुरक्षा प्रबंधों को जांचने और बंदोबस्त करने पहुंचे सेफ्टी ऑब्जर्वर स्कवाड्रन लीडर तेजेश्वर सिंह ने कहा कि पराली के धुएं के अलावा कई अन्य वजह से भी एयर शो पूरा नहीं हो सका। जब एक साथ नौ प्लेन उड़ रहे होते हैं तो टीम लीडर को एक-दूसरे से सामंजस्य बिठाकर करतब दिखाने होते हैं। यहां पर ऐसा करना कठिन लग रहा था। आकाश में 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 1000 प्रतिशत सेफ्टी मेजर करने के बाद ही करतब दिखाए जाते हैं।
सैनिक स्कूल के प्रिंसिपल कर्नल विकास मोहन ने बताया कि भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण ऐरोबेटिक टीम दुनिया की चार सबसे बेहतरीन ऐरोबेटिक टीम में शुमार है। इस टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन प्रशांत ग्रोवर, फ्लाइट कमांडर वीएम अनूप सिंह, विंग कमांडर उदित मेहता, विंग कमांडर अजय दशरथी, स्कवाड्रन लीडर सुदेश कार्तिक, स्कवाड्रन लीडर अभिजीत सिंह और स्कवाड्रन लीडर मनीष मिश्रा के अलावा कपूरथला सैनिक स्कूल के दो साइकेपियन विंग कमांडर गुरप्रीत सिंह ढिल्लों और स्कवाड्रन लीडर नवजोत सिंह शामिल थे। बच्चों के विदेशों की तरफ बढ़े रुझान को सेना की तरफ आकर्षित करने के लिए इस शो का आयोजन किया गया था।