पंजाब की हवा हरियाणा से ज्यादा बेहतर: आप
पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों कुलदीप सिंह धालीवाल और गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आरोप लगाया है कि गुजरात में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से लोगों का ध्यान हटाने के लिए केंद्र सरकार पराली जलाने के मुद्दे को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पंजाब के सिर पराली से प्रदूषण फैलाने के आरोप लगा रही है।
पंजाब भवन में शुक्रवार को धालीवाल और मीत हेयर ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब की हवा हरियाणा से ज्यादा बेहतर है। उन्होंने कहा कि कि आज तक के डाटा के अनुसार, हरियाणा के कई शहर भारत के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की सूची में पहले 10 शहरों में शामिल हैं, जिनमें हिसार, फरीदाबाद, सिरसा, रोहतक, सोनीपत और भिवानी शामिल हैं।
पंजाब का कोई भी शहर इस सूची में शामिल नहीं है। इससे पता चलता है कि पंजाब के मुकाबले हरियाणा में पराली को आग लगाई जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पराली के मुद्दे पर दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर भी भाजपा के इशारे पर राजनीति कर रहे हैं और बिना किसी अधिकार के पंजाब के मुख्यमंत्री को इस मामले पर चिट्ठियां लिख रहे हैं।