हरियाणा के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने कहा है कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी नेता विरोध जताने की बजाय पार्टी के साथ रहें। जब पीएम मोदी और सीएम खट्टर जाट आरक्षण के पक्षधर हैं तो पार्टी के अन्य नेताओं को भी इसका विरोध नहीं करना चाहिए। बृहस्पतिवार को झज्जर में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री ने यह बात कही। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरीराज द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर दिए गए बयान पर वे चुप्पी साध गए।
राज्य में बनाया जाएगा फसल बीमा निगम
कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों को आपदा राहत देने के लिए राज्य फसल बीमा निगम बनाने पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। फसल बीमा निगम गठित होने पर किसानों को आपदा के समय बीमा संचित कोष से तुरंत उचित राहत देने का प्रावधान किया जाएगा।
खेमका मीडिया फ्रेंडली, छोटी बात भी हो जाती है हाईलाइट
आईएएस अशोक खेमका के तबादले के सवाल पर उन्होंने कहा कि अशोक खेमका को इससे नाराज नहीं होना चाहिए। खेमका का तबादला सरकार की सामान्य प्रक्रिया है। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि मीडिया से नजदीकियां ना रखें। अशोक खेमका के बारे में उन्होंने कहा कि वे मीडिया के काफी करीब रहते हैं, इसीलिए उनकी छोटी-मोटी बात भी हाईलाइट हो जाती है।
आपदा राहत के लिए केंद्र से मांगे 1136 करोड़
कृषि मंत्री ने कहा कि जिले के कई गांवों में बरसात व ओलावृष्टि के कारण फसलों में 100 प्रतिशत नुकसान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने केंद्रीय टीम के समक्ष 22 मार्च तक हुए नुकसान की आकलन रिपोर्ट रखी है। प्रदेश सरकार ने केंद्र से 1136 करोड़ रुपये की मांग आपदा राहत के लिए की है।
कृषि मंत्री ने कहा कि मौजूदा नीति के तहत 100 प्रतिशत फसल खराबे पर दस हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा देने का प्रावधान है। फसल खराबे की प्रतिशत के अनुसार किसानों के बिजली बिल माफ करने और लोन पर ब्याज भी माफ करने का फैसला प्रदेश सरकार ने किया है। मंत्री ने कहा कि राज्य फसल बीमा निगम बनने के बाद किसानों को आपदा के समय ज्यादा राहत सुनिश्चित हो जाएगी।
एसवाईएल को लेकर सरकार गंभीर
कृषि मंत्री ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि एसवाईएल, हांसी बुटाना ओर जेके डैम पर प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से प्रयास कर रही है। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती से दिल्ली में इन विषयों पर विस्तार से चर्चा की है और मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि हरियाणा के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि अनाज मंडियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश दिए गए हैं। इस अवसर अतिरिक्त उपायुक्त पुष्पेंद्र सिंह चौहान, एसडीएम झज्जर आशिमा सांगवान, डीएसपी धीरज कुमार, पार्टी कार्यकर्ता आनंद सागर व अन्य मौजूद रहे।