हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में अब गलत सवाल पर पेपर तैयार करने वाली एजेंसी और परीक्षक ब्लैक लिस्ट होंगे। भर्तियों को समय पर पूरा करने के लिए आयोग ने यह फैसला लिया है। विशेषज्ञों के साथ मंथन में निष्कर्ष निकला कि परीक्षा में पूछे गए गलत सवालों के चलते भी भर्ती प्रक्रिया में देरी होती है।
एक गलत सवाल के चलते अभ्यर्थी अदालतों में चले जाते हैं और मामला कई साल तक लटकता है। एक सवाल के नंबर लगाने और काटने से पूरी मेरिट सूची ही बदल जाती है। एसआई, एएलएम, पुरुष पुलिस, महिला पुलिस की परीक्षा के सवालों को लेकर अदालतों में मामले चल रहे हैं।
एसआई भर्ती में आयोग ने मांगी थी माफी
पिछले साल हरियाणा पुलिस सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में कई बेतुके सवाल पूछे गए थे। एक सवाल में गृह मंत्री अनिल विज की खासियत पूछी गई थी। आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी से संबंधित सवाल पूछा गया था। पूछा गया था कि खदरी शब्द गांव है या गोत्र।
आयोग का प्रयास है कि भर्ती परीक्षा में गलत सवाल न पूछे जाएं और परीक्षा पूरी तरह से तथ्यात्मक हो। एक भी गलत सवाल पर एजेंसी और परीक्षक को तुरंत ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। - भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन, एचएसएससी।