अगर आप रेलवे से सफर करने जा रहे हैं, तो ध्यान दें, क्योंकि स्टेशन के प्लेटफार्म पर जाने के लिए आपको कड़ी सुरक्षा से होकर जाना होगा। आतंकी संगठन आईएस (इस्लामिक स्टेट) की ओर से कुछ दिन पहले आरपीएफ पोस्टों को उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिलने के बाद रेल डिवीजन फिरोजपुर ने सरहदी जिलों के सभी रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आरपीएफ अधिकारियों ने शनिवार को फाज्लिका, फिरोजपुर, अमृतसर, पठानकोट, गुरुदासपुर और जम्मू-कश्मीर के रेलवे स्टेशनों के आरपीएफ पोस्टों का निरीक्षण कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया।
फिरोजपुर मंडल रेलवे के 18 स्टेशन भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सरहद के सात किलोमीटर के दायरे में है। इन स्टेशनों के साथ ही 157 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आरपीएफ और जीआरपी के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पिछले वर्ष सरहदी हिस्से के रेलवे ट्रैक दीनानगर में प्लांट किए गए पांच बमों को समय रहते निरस्त कर दिया गया था नहीं तो इससे बड़ा हादसा हो सकता था। खूफिया एजेंसियों की इनपुट के आधार पर हुई मीटिंग के बाद आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का फैसला किया है।
रेल डिवीजन फिरोजपुर आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को उन्होंने डिवीजन के सीमांत रेलवे स्टेशनों की आरपीएफ पोस्टों का निरीक्षण कर उन्हें एलर्ट रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि आरपीएफ किसी भी प्रकार के आतंकी मंसूबे से निपटने के लिए सक्षम है।