चंडीगढ़। मोहाली में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर 9 मई को हुए आरपीजी हमले के आरोपी गैंगस्टर दीपक रंगा ने प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की हत्या के बाद फरार होने से पहले दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की थी। यह वारदात उसने पैसों के लिए की थी। पुलिस पूछताछ में दीपक ने कबूला कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और राजू बसौदी के कहने पर उसने राजन, मंजीत मोटा, शुभम बिगनी और अभिषेक उर्फ बंटी के साथ मिलकर सोनू शाह की हत्या की थी।28 सितंबर 2019 को सोनू शाह की हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस उसे पूछताछ के चंडीगढ़ पुलिस की अपराध शाखा उसे अमृतसर की सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। पांच दिनों के रिमांड में उससे कड़ी पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश कर बुड़ैल जेल भेज दिया गया। पेशी के दौरान कमांडो की तैनाती की गई थी। सोनू शाह की हत्या के अलावा दीपक ने वर्ष 2019 में ही सेक्टर-15 में दो कॉलेज छात्रों की गोलियां मारकर हत्या की थी। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए उसे 2 से 3 लाख रुपये मिले थे। हत्या के इन दोनों मामलों में जल्द ही पुलिस चंडीगढ़ जिला अदालत में दीपक रंगा के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर करेगी। वहीं, मोहाली आरपीजी हमले के लिए उसे 10 से 15 लाख रुपये मिले थे, जो रिंदा ने भिजवाए थे।
रिंदा ने वीडियो कॉल में बताया रॉकेट लांचर का इस्तेमाल
मोहाली में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर पिछले वर्ष हुए आरपीजी हमले से पहले दीपक ने विदेश में छिपे आतंकी रिंदा से वीडियो कॉलिंग के जरिए रॉकेट लांचर चलाने की जानकारी हासिल की थी। रिंदा के कहने पर ही उसने नाबालिग आरोपी के साथ मिलकर आरपीजी हमले को अंजाम दिया था। इसके बाद वह नेपाल भाग गया था। वहां उसने एक नेपाली लड़की से शादी कर ली थी। उसके सारे खर्चे रिंदा उठाता था। जब वह भारत लौटा तो एनआईए ने उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक दीपक लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मुख्य शूटर है। दीपक रंगा मूलत: हरियाणा का रहने वाला है।
राणा कंदोवालिया की भी हत्या में शामिल
दीपक रंगा से जुलाई 2021 में लॉरेंस बिश्नोई ने कहा कि जग्गू भगवानपुरिया उसका भाई है और राणा कंदोवालिया से उसकी दुश्मनी है। ऐसे में राणा को खत्म करना है। लॉरेंस से निर्देश मिलने के बाद दीपक रंगा ने सोनू डागर, एक नाबालिग और हैप्पी के साथ मिलकर केडी अस्पताल, अमृतसर में कंदोवालिया की हत्या कर दी थी। इसके बाद दीपक रंगा आतंकी रिंदा के संपर्क में आया और उसके कहने पर नाबालिग आरोपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में संजय बियानी नामक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।