चंडीगढ़। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने शनिवार शाम को पारिवारिक सदस्यों व साथियों संग फिल्म द कश्मीर फाइल्स देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने कहा कि विश्वास ही नहीं होता कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में हमारे पंडितों के साथ ऐसा सुलूक हुआ। फिल्म के निर्माता-निर्देशक ने काफी हिम्मत वाला काम किया है। उन्होंने कश्मीरी पंडितों के दर्द को बयां करने की कोशिश की है।
टंडन ने कहा कि उस काले इतिहास के बारे में जब पढ़ते हैं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। आत्मा रोती है कि आजादी के बाद हमारे देश की धरती पर हमारे भाई-बहनों के साथ ऐसा अमानवीय अत्याचार हुआ। टंडन ने कहा कि इंटरवल के दौरान थिएटर के अंदर उनसे कई लोग मिलने आए और कहा कि फिल्म में जो दिखाया गया है, वो बिल्कुल सच है लेकिन ये 100 फीसदी नहीं है। सच्चाई इससे भी कड़वी है। अगर वो दिखा दिया जाए, तो शायद लोगों को कई दिन तक नींद भी न आए। टंडन ने कहा कि मोदी सरकार ने कश्मीर से जो धारा 370 हटाने का फैसला किया था, वो बिल्कुल सही था।
बता दें कि अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती स्टारर फिल्म द कश्मीर फाइल्स 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों को घर से बेघर करने की कहानी को दिखाया गया है।