सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम तीन माह में पांच बार बाहर आ चुका है। एक बार मां से मिलने के लिए एक दिन के पैरोल पर गुरुग्राम ले जाया गया, जबकि चार बार स्वास्थ्य जांच के लिए पीजीआई, गुरुग्राम व एम्स ले जाया गया। जुलाई माह में एम्स से लौटते समय राम रहीम से दो महिलाओं की कथित मुलाकात के चलते डीएसपी तक को सस्पेंड किया जा चुका है।
कब-कहां ले जाया गया राम रहीम को
- 12 मई: राम रहीम ने ब्लड प्रेशर व बेचैनी की शिकायत की। इसके चलते उसे पीजीआई में जांच के लिए लाया गया
- 17 मई: राम रहीम को मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया
- तीन जून: राम रहीम ने पेट में दर्द की शिकायत की, इसके चलते पीजीआई में लाया गया
- छह जून: राम रहीम को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। तर्क दिया गया कि राम रहीम के स्वास्थ्य संबंधी टेस्ट पीजीआई रोहतक में नहीं हो सके थे। ऐसे में उसे गुरुग्राम ले जाना पड़ा
- 13 जुलाई: राम रहीम को एम्स ले जाया गया। आरोप लगाया कि वापस लौटते समय राम रहीम से कथित तौर पर दो महिलाओं की मुलाकात करवाई गई। मामले में प्रदेश सरकार ने डीएसपी को सस्पेंड कर दिया था
दाढ़ी काली करवाने की मांगी थी अनुमति
राम रहीम ने हरियाणा मानवाधिकार आयोग से सफेद दाढ़ी को काली करने की मांग की थी। शिकायत की थी जेल प्रशासन इसकी अनुमति नहीं दे रहा। हुआ यूं तीन सितंबर को आयोग के चेयरमैन जस्टिस एसके मित्तल ने सुनारिया जेल का निरीक्षण किया था। उस समय राम रहीम ने आयोग के चेयरमैन को बताया था कि उसने जेल प्रशासन से कहा था कि उसकी दाढ़ी सफेद हो चुकी है, जिसे काली करवाया जाए। जेल प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। आयोग ने शिकायत ले ली थी लेकिन कोई निर्णय नहीं हो सका।