चंडीगढ़। शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए दाखिला प्रक्रिया पहली अप्रैल से शुरू होगी। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक ने राजकीय और निजी स्कूलों में 9वीं-11वीं के लिए दाखिला शेड्यूल जारी किया है। 9वीं के लिए सामान्य दाखिला प्रक्रिया पहली से 30 अप्रैल तक चलेगी। संस्था प्रमुख की अनुमति से बिना विलंब शुल्क दाखिला पहली मई से 15 मई तक होगा। संस्था के मुखिया की ओर से संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त करते हुए बिना विलंब शुल्क दाखिला 17 से 31 मई तक होगा। वहीं, 11वीं में प्रोविजनल दाखिला प्रक्रिया पहली अप्रैल से शुरू हो जाएगी। सामान्य दाखिला प्रक्रिया बोर्ड की ओर से घोषित परिणाम के 10 दिनों में कराए जा सकते हैं। संस्था मुखिया की अनुमति से बिना विलंब शुल्क दाखिला अगले 10 दिन और संस्था के मुखिया की ओर से संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त करते हुए बिना विलंब शुल्क दाखिला अगले 10 दिन तक कराए जा सकेंगे।
एकल शिक्षक की मौलिक शिक्षा निदेशक ने मांगी जानकारी
नया शैक्षणिक सत्र पहली अप्रैल से शुरू होगा। लिहाजा इससे पहले शिक्षा विभाग शिक्षकों की कमी को पूरा करने की कवायद में जुट गया है। मौलिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों में शून्य और एकल शिक्षक की जानकारी तलब की है। बाकायदा निदेशक कार्यालय की ओर से प्रोफार्मा जारी किया है, जिसमें स्कूल का नाम, स्कूल कोड, छात्रों की संख्या, स्वीकृत पद, कार्यरत शिक्षक, रिक्त पद और आरटीई के नियमों के मुताबिक कार्यरत शिक्षकों की जानकारी मांगी है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी चार मार्च तक मुख्यालय को भेजनी है। सात मार्च को महानिदेशक की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक में शिक्षकों की कमी और पूर्ति पर मंथन होगा।