जिले के चारों कॉलेजों में ग्रेजुएशन में दाखिले के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई। इस दौरान कॉलेजों में लिस्ट में नाम देखने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ सी उमड़ पड़ी।
दूसरी मेरिट लिस्ट में आए स्टूडेंट्स को फीस भरने के लिए 10 जुलाई तक का समय दिया गया है। उसके बाद 11 जुलाई को चारों कॉलेजों में तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
स्टूडेंट्स ईबैंकिंग के जरिये भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी ब्रांच में फीस जमा करवा सकते हैं।
सेक्टर-14 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, बरवाला गवर्नमेंट कॉलेज और कालका के अरुणा आसिफ अली गवर्नमेंट कॉलेज में सभी कोर्स में दूसरी मेरिट लगने के बाद भी सीटें उपलब्ध हैं।
अधिकतर स्ट्रीम्स में पहली मेरिट लिस्ट में ही एससी और बीसी कैटेगरी के सभी आवेदन खत्म हो चुके हैं, परंतु सीटें अभी भी बची हैं।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि तीसरी मेरिट लगने के बाद ऑल इंडिया और हरियाणा जनरल के स्टूडेंट्स को दाखिले लेने होंगे, तो बची हुई सीटों में स्टूडेंट्स के दाखिले ले लिए जाएंगे।
सेक्टर 14 के कॉलेज में पहली मेरिट में बीए में 240 सीटों में से 75, बीकॉम में 240 में से 94, बीएससी नॉन मेडिकल में 80 में से 30, बीएससी मेडिकल में 60 सीटों में से 29 दाखिले हो चुके हैं।
सेक्टर एक के कॉलेज में दूसरी मेरिट लिस्ट में बीए में 67, बीकॉम में 69, बीएससी मेडिकल में 17 और बीएससी नॉन मेडिकल में 67 स्टूडेंट्स के नाम आए हैं।