फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के आगमन से पहले शहर को हरा-भरा और खूबसूरत बनाए जाने की कवायद जोरों पर चल रही है। प्रशासन के सभी विभाग अपनी कमियों को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
जिन स्थानों का दौरा राष्ट्रपति ओलांद करेंगे उनको तो चमकाया ही जा रहा है, इसके अलावा सभी मुख्य मार्गों पर भी तेजी से काम चल रहा है। कैपिटल कांप्लेक्स में करीब दो सौ नए पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर के अन्य मार्गों और डिवाइडिंग प्वाइंट पर भी पौधे लगाए जा रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट केसाथ ट्रैफिक लाइट को भी चेक किया जा रहा है। जहां खराबी मिल रही है, उन्हें तुरंत प्रभाव से ठीक किया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट चौक से ट्रिब्यून चौक तक दो दिनों से लाइटें ठीक की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इधर से ही ओलांद का काफिला गुजरेगा। जिस कारण यहां विशेष तौर पर ध्यान दिया जा रहा है।
कैपिटल कांप्लेक्स, रॉक गार्डन, गवर्नमेंट आर्ट एंड म्यूजियम गैलरी और टैगोर थियेटर में वीवीआईपी शौचालय बनाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एडवाइजर विजय कुमार देव ने सभी विभागों को अपने स्तर पर इस यात्रा को एतिहासिक बनाने के दिशा निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को प्रधानमंत्री आगमन की आ सकती है आधिकारिक सूचना
राष्ट्रपति ओलांद को रिसीव करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की आधिकारिक सूचना सोमवार को आ सकती है। हालांकि प्रशासन अपनी तरफ से पहले ही उनकेआने की तैयारी शुरू कर चुका है। सोमवार को दौरे पर अधिकारियों की रिव्यू मीटिंग भी होगी।