चंडीगढ़ में लगातार बढ़ते कोरोना केसों के बावजूद क्लब संचालकों की ओर से कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सोमवार को पुलिस ने सेक्टर-26 के मोब क्लब में छापेमारी की। इस दौरान पाया कि क्लब में भारी भीड़ जमा था और सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
पुलिस ने क्लब के मालिक नीरज खरब, मैनेजर खुश लोब व अभिषेक के खिलाफ केस दर्जकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर- 26 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-26 के एससीओ नंबर-41 में मोब क्लब में पार्टी चल रही है। भारी भीड़ जमा है। पुलिस ने कोविड-19 के नियमों का पालन न करने पर केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
54 केंद्रों पर 1630 को लगा कोरोना का टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान में मंगलवार को शहर के 54 केंद्रों पर 1630 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। इसमें 73 स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली, जबकि 93 ने दूसरी खुराक लगवाई। अग्रिम पंक्ति के 85 कर्मचारियों ने पहली और 143 ने दूसरी खुराक लगवाई। 45 से 60 साल के बीच के 206 गंभीर मरीजों ने कोरोना का पहला टीका लगवाया। 45 से 60 साल के बीच के तीन लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई। 60 साल से ज्यादा उम्र के 887 लाभार्थियों को पहली व 77 को दूसरी खुराक लगाई गई। शहर में अब तक 76031 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।
आज यहां रहेगी मोबाइल टीम
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क कोरोना स्क्रीनिंग के लिए चलाई जा रही मोबाइल टीम की संख्या मंगलवार को 5 से बढ़ाकर 7 कर दी गई है। बुधवार को मोबाइल टीम बस स्टैंड सेक्टर-17, सेक्टर-17 स्थित सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी, सेक्टर-40 स्थित अपनी मंडी, सेक्टर-45 के जीएमएसएसएस, जीएमएसएसएस विकासनगर, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, अपनी मंडी सेक्टर-15, जीएमएसएसएस सेक्टर-23, जीएमएसएच सेक्टर-26 व डड्डूमाजरा के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रहेगी। टीम सुबह 9.30 से दोपहर बाद 3 बजे तक कोरोना की जांच करेगी।