बठिंडा में आप नेताओं के विरोध में लगे फ्लैक्स
- फोटो : फाइल
पंजाब में प्रचार के दौरान भाजपा, आप, शिअद व कांग्रेस के प्रत्याशियों को रोक रहे किसानों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पंजाब के निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने प्रदेश के डीसी, पुलिस कमिश्नर व एसएसपी के साथ बैठक में दिए।
सीईओ ने भारत निर्वाचन आयोग के आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है। सीईओ ने जिलों के अधिकारियों को किसान आंदोलनकारियों को प्रत्याशियों का रास्ता रोकने, चुनाव प्रचार में बाधा डालने से रोकने और बिना अनुमति कहीं भी धरना-प्रदर्शन करने से रोकने के लिए कहा है।
आयोग ने कहा कि किसान बिना इजाजत के प्रदर्शन और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल कर रहे हैं। सीईओ ने कहा है कि सभी डीसी धारा-144 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।
कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं
सिबिन सी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वह इन निर्देशों को सही अर्थों में लागू करें और चुनाव प्रचार में विघ्न डालने की कोई घटना सामने आती है, तो उसे गंभीरता के साथ लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग के ध्यान में लाया जाए।
वहीं, सीईओ ने किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सिबिन सी ने किसान जत्थेबंदियों को अमन-कानून की स्थिति बनाई रखने और राज्य भर में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की चुनाव मुहिम में विघ्न न डालने की अपील की है। बैठक में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल मौजूद रहे।
प्रत्याशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें अधिकारीः सिबिन सी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने वीरवार को सभी डिप्टी कमिशनरों-कम-जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी को उम्मीदवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक समान माहौल बनाने के लिए कहा है। सीईओ ने कहा कि उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला चुनाव विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चुनाव प्रचार में विघ्न डालने की कई घटनाएं सामने आईं हैं। ऐसी घटनाएं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।