फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में भ्रष्ट और कामचोर कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, मेहनत करने वालों को मिलेगा पुरस्कार

Tue, 17 Dec 2019 01:01 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
गृह मंत्री अनिल विज - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

हरियाणा के सरकारी विभागों में कामचोर और भ्रष्ट कर्मचारियों के दिन अब लदने वाले हैं। प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार और कामचोरी के प्रति जीरो टॉलरेंस को और सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। गृह मंत्री अनिल विज के बाद सीएम मनोहर लाल ने भी सरकारी कार्यालयों में औचक निरीक्षण का सिलसिला शुरू कर दिया है। 

विज्ञापन


विज ने साफ कर दिया है कि उनके विभागों में कामचोर एवं भ्रष्ट कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईमानदार और मेहनत से काम करने वाले कर्मचारियों को वह पुरस्कृत भी करेंगे। इसके लिए उचित मापदंड बनाया जाएगा ताकि अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिले, क्योंकि सजा और पुरस्कार साथ-साथ होंगे। 

विज ने कहा कि डॉयल 112 की सेवाएं लोगों तक शीघ्र पहुंचाने की तैयारियों संबंधी बैठक 19 दिसंबर व ‘ऑपरेशन प्रहार’ की समीक्षा बैठक 20 दिसंबर को उनके कार्यालय में होगी। इसमें गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिदेशक अपराध आदि मौजूद रहेंगे। पूरे देश में डॉयल 100 के स्थान पर अब डॉयल 112 शुरू किया जा रहा है। 
विज्ञापन


इसके लिए हरियाणा में यह सुविधा यथाशीघ्र शुरू करने के लिए पुरजोर तैयारियां चल रही हैं। इसके शुरू होने से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति एवं महिलाओं को पुलिस सहायता मात्र 2-3 मिनट में पहुंच जाएगी, जिसका नियंत्रण कक्ष पंचकूला में होगा। इसके लिए प्रत्येक थाने में 2-2 गाड़ियां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

विज्ञापन

विरोध करने वालों को माफ नहीं करेगी जनता

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध करने वाली पार्टियों को देश की जनता कभी क्षमा नहीं करेगी। इस अधिनियम से हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी व ईसाइयों को भारत में नागरिकता अधिकार प्राप्त होंगे। देश के विभिन्न भागों में प्रायोजित दंगे करवाए जा रहे हैं, इन सभी दंगों के पीछे वे सभी पार्टियां हैं, जिन्होंने संसद में इस विधेयक का विरोध किया था।

इसकी जांच करवाई जानी चाहिए। वीर सावरकर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अंडमान-निकोबार द्वीप में लंबा समय जेल की सलाखों के पीछे गुजारा है। सावरकर की कुर्बानियों पर राहुल गांधी व उनके परिवार को कटाक्ष करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति कभी जेल में नहीं गया था। उन्होंने तो अंग्रेजों से फ्रेंडली मैच खेला है। इसके लिए देश की जनता गांधी परिवार को कभी क्षमा नहीं करेगी।
 
निर्बाध बिजली के लिए हॉटलाइन से जुड़े स्वास्थ्य संस्थान
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए राज्य के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपमंडल व जिला अस्पतालों को बिजली की निर्बाध उपलब्धता के लिए हॉटलाइन से जोड़ा जाएगा। किसी अस्पताल में मोमबत्ती या टॉर्च की रोशनी में ओपीडी या ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जाना सराहनीय कार्य है, लेकिन अस्पतालों में ऐसी परिस्थितियां उन्पन्न न हो, इसके लिए अस्पतालों को हॉटलाइन से जोड़ेंगे। 

इसके अलावा आवश्यकतानुसार सभी अस्पतालों में उच्च क्षमता के जनरेटर सेट भी उपलब्ध करवाएंगे। इसके लिए तुरंत प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के अनेक अस्पतालों में पहले से ही यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, कुछ अस्पताल जो इससे वंचित है, उन्हें भी शीघ्र ही जनरेटर सेट उपलब्ध करवाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें