चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने सभी विभागों व डीन को पत्र भेजकर नए साल में क्या-क्या कार्य करेंगे और पेक को आगे ले जाने के लिए उनके पास क्या कार्ययोजना है, यह जाना है। पेक ने कहा है कि बेहतर कार्ययोजना को दूसरे विभागों को भी अवगत कराएंगे ताकि वह भी और अच्छी योजना बना सकें। छात्र भी पेक को सुझाव दे सकते हैं। अच्छे सुझावों का पेक स्वागत करेगा।
पेक का जोर इस समय शिक्षण गुणवत्ता व शोध पर है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में पेक की रैंकिंग प्रभावित हुई है। इसे पटरी पर लाने की तैयारियां चल रही हैं। हर दिन नए प्रयोग हो रहे हैं। इसे देखते हुए पेक ने नए साल में अपना लक्ष्य रखा है। शोध को आगे बढ़ाते हुए उसकी गुणवत्ता में और सुधार करना है और रैंकिंग में बाजी मारनी है। सभी विभागों से कार्ययोजनाएं मांगी गई हैं। इसके अलावा कर्मचारियों से भी कहा गया है कि वह भी अपना प्रस्ताव पेक प्रशासन को सौंप सकते हैं। पेक निदेशक प्रो. बलदेव सेतिया का कहना है कि पेक को आगे ले जाने का सपना है। सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। शिक्षक, कर्मचारी, छात्र मिलकर काम करेंगे तभी आगे बढ़ेंगे।