शिमला से घायल बच्चे को लेकर पीजीआई जा रही एंबुलेंस और कार के बीच ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट पर टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही एंबुलेंस सड़क के बीच में लगी लोहे की ग्रिल में घुस गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस में घायल शिमला निवासी 12 वर्षीय बच्चे इंशान को पीजीआई में दाखिल करवाया। जबकि सड़क हादसे में घायल कार में सवार चार लोग और एंबुलेंस चालक को सेक्टर 16 जनरल अस्पताल लेकर गए थे। जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई।
सेक्टर 26 थाना पुलिस लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी फुटेज देख रही है कि आखिर किस की लापरवाही से टक्कर हुई है।
घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। शिमला से छत से गिरकर घायल हुए 12 वर्षीय इंसान को एंबुलेंस पीजीआई लेकर जा रही थी।
ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट पर एंबुलेंस पार करने लगी तो बापूधाम की तरफ से आ रही डेल कंपन की कार के साथ टक्कर हो गई। टक्कर होते ही एंबुलेंस लोहे की ग्रिल में घुस गई और दोनों गाड़ियों का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मौजूद पीसीआर ने सिर और रीढ़ की हड्डी में लगी चोट से घायल इंसान को एंबुलेंस से निकालकर सीधा पीजीआई में दाखिल करवाया। जबकि कार में बैठे गगन, आदित्य, कमलप्रीत ,प्रभात और एंबुलेंस चालक योगराज को अस्पताल में दाखिल करवाया था।
सेक्टर 26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया।
कार चालक गगन ने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के मनीमाजरा निवासी कर्मचारी को लेकर मोहाली जाने के लिए लाइट प्वाइंट क्रास कर रहा था। उस समय लाइट भी ग्रीन थी। एंबुलेंस ने ही उसकी गाड़ी को टक्कर मारी है।
सेक्टर 26 थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।