इनेलो दो फाड़ होने के बाद शुक्रवार को इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला और सांसद दुष्यंत सिंह चौटाला उचाना विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। काकड़ोद गांव में दुष्यंत ने इमोशनल कार्ड फेंकते हुए कहा कि उचाना के लोगों से उनका राजनीति ही नहीं बल्कि दिल का रिश्ता है। जो लोग यह प्रचार कर रहे हैं कि दुष्यंत उचाना छोड़ गया है, ऐसे लोग आपके पास आएं तो कहना कि दुष्यंत उचाना को कभी नहीं छोड़ सकता है।
आप लोगों के साथ पांच साल का रिश्ता नहीं बल्कि पूरी उम्र का रिश्ता है। राजनीति के हर बुरे दौर में हलके के लोगों ने मेरा साथ दिया है। दुष्यंत ने कहा कि सुनने में आया है कि पार्टी का कार्यालय बदलने का काम छह महीने पहले शुरू हो गया था। अब उन पर पार्टी तोड़ने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
नगूरां में बोले दुष्यंत, उचाना से ही लड़ूंगा चुनाव
नगूरां गांव में पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत ने कहा कि वे अगला चुनाव उचाना से ही लड़ेंगे। उचाना की जनता को छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। जानकारी के लिए 2009 के विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश चौटाला ने उचाना कलां विधानसभा से चौधरी बीरेंद्र सिंह को हराया था। इसके बाद 2014 में दुष्यंत चौटाला ने उचाना कलां से ताल ठोंकी पर भाजपा उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता ने उन्हें हरा दिया था।