वहीं, गैंगस्टरों का सफाया करने के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया गया है और कई कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। सरकार ने कई किसान हितैषी फैसले भी लिए हैं, जिनमें मूंग को 7,275 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी मूल्य पर खरीद कर किसानों को तीसरी फसल उगाने के लिए प्रोत्साहित किया। पहली बार, किसानों के लिए एकमुश्त उपाय के रूप में ट्यूबवेल पर लोड वृद्धि शुल्क 4,750 से घटाकर 2,500 रुपये प्रति एचपी किया गया है। भूजल को बचाने के लिए धान की सीधी बिजाई के लिए 1,500 रुपये प्रति एकड़ की सब्सिडी दी गई है।
चन्नी ने लगवाए केवल होर्डिंग
कैबिनेट मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि पहले राज्य में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाते थे और बिजली का लाभ एक खास वर्ग को ही दिया जाता था लेकिन आप सरकार अब हर वर्ग को प्रति बिलिंग साइकिल पर 600 यूनिट बिजली मुफ्त दे रही है। सभी लंबित बिल भी माफ कर दिए गए हैं। निजी ऑपरेटरों के एकाधिकार को खत्म करते हुए आप सरकार ने दिल्ली एयरपोर्ट के लिए सरकारी वॉल्वो बसें शुरू कीं और समय सारिणी में भी संशोधन किया। इससे राज्य के स्वामित्व वाला परिवहन अब लाभ में पहुंच गया है।