सेहत सेवाएं सुधारें, अगली बार खामियां मिलीं तो लिहाज नहीं होगा: भुल्लर
तरनतारन जिले के पट्टी से विधायक लालजीत सिंह भुल्लर गांव सभरा के सरकारी स्कूल, सेहत डिस्पेंसरी और पटवारखाने की जांच की। उन्होंने कहा कि खामियों को दूर करें। लोगों को कोई समस्या न आए, शिकायत मिली तो लिहाज नहीं होगा। विधायक ने कहा कि वादों के मुताबिक सरकारी विभागों को चुस्त बनाना प्राथमिकता पर रहेगा।
गांव सभरा स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लालजीत भुल्लर पहुंचे तो दो शिक्षक नजर नहीं आए। बाद में पता चला कि वह किसी काम के सिलसिले में डीईओ दफ्तर गए हैं। विधायक भुल्लर ने स्कूल में विद्यार्थियों से शिक्षकों के व्यवहार की जानकारी ली। इतना ही नहीं विधायक भुल्लर सेहत डिस्पेंसरी में भी पहुंचे और वहां पर मरीजों को मिलने वाली सेहत सुविधाओं का जायजा व फीडबैक लिया। विधायक ने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में झूठी मेडिकल रिपोर्ट नहीं बनेगी, बल्कि लोगों का सही ढंग से इलाज होगा।
पटवारियों ने रिश्वत मांगी तो करेंगे कार्रवाई
पटवारखाने में पहुंचते ही लालजीत भुल्लर ने कहा कि अब पटवारियों के साथ उनका निजी सहायक कहीं नजर नहीं आना चाहिए। अगर किसी पटवारी ने लोगों को बेवजह परेशान किया और रिश्वत मांगी तो लिहाज नहीं होगा और सख्त कार्रवाई होगी।