क्या कहती हैं नीना मित्तल
नीना मित्तल ने कहा कि बहुत ही दुख से कहना पड़ता है कि सिविल अस्पताल में मरीजों का बहुत बुरा हाल है जो हम सुनते आ रहे थे कि राजपुरा अस्पताल का नाम बदलकर रेफर अस्पताल किया जाए। आज देखकर मुझे यकीन हो गया। उन्होंने सिविल अस्पताल के स्टाफ व मरीजों के परिजनों को विश्वास दिलवाया कि एक महीने के अंदर अस्पताल का कायाकल्प कर दिया जाएगा। सिविल अस्पताल में हर जरूरी चीज मुहैया करवाई जाएगी।
अधिकारी व शिक्षक समय पर, स्कूलों में सफाई पर ध्यान
फिरोजपुर में शिक्षा विभाग के अधिकारी समय पर दफ्तर व सरकारी स्कूलों के शिक्षक स्कूल पहुंचने लगे हैं। यही नहीं अब स्कूलों में सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान रखा जा रहा है। आप के कई विधायकों ने सरकारी स्कूलों का औचक दौरा किया और उन्हें बहुत खामियां मिलीं। सिर्फ स्कूलों में शिक्षकों ने अपनी समस्याएं बताईं और स्कूल में किस चीज की जरूरत है उस संबंध में विधायकों को अवगत करवाया।
फिरोजपुर देहात हलके के कई स्कूलों में पूरा स्टाफ भी नहीं है। गांव महालम स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में प्रिंसिपल और शिक्षक मौजूद रहे। यहां शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की इमारत बहुत खस्ता है। सफाई सेवक व चपरासी तक नहीं हैं। आप सरकार आई है शायद स्कूलों का सुधार हो सके।
मल्लांवाला के गांव लोहके कलां के सरकारी स्कूल में स्टाफ पूरा था। स्कूल में सफाई भी थी। इसी तरह सिविल अस्पताल फिरोजपुर में डॉक्टर अपने रूम में बैठे मरीजों की जांच करते दिखे। अस्पताल परिसर में सीवरेज के गंदे पानी से सड़क तालाब में तब्दील थी। वहां से गुजरने वालों को परेशानी हो रही थी। मरीज तरसेम लाल निवासी बस्ती भट्टियां वाली ने बताया कि वह दवा लेने आया है। सीवरेज के गंदे पानी से बहुत बदबू आ रही है। मच्छर भी बहुत हैं। इससे बीमारी और फैलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि आप के विधायक स्कूलों, अस्पतालों व अन्य दफ्तरों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। अब अधिकारी व मुलाजिम सतर्क हो चुके हैं और वह समय पर दफ्तर पहुंच रहे हैं। यही नहीं जो भी व्यक्ति कामकाज के लिए आता है, उससे बहुत अच्छा व्यवहार कर रहे हैं।