हरपाल सिंह चीमा ने हरियाणा के सीएम को लिखा पत्र।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को नौदीप कौर से मिलने से रोकने के एक दिन बाद पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर अपना विरोध जताया। पत्र में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री से नौदीप कौर की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की।
चीमा ने सवाल किया है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री आखिर क्यों लोगों को नौदीप से मिलने नहीं दे रहे हैं। चीमा ने कहा कि नौदीप कौर फैक्ट्रियों के अपने साथियों के अधिकारों के लिए आंदोलन कर रही थी। हरियाणा पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और पिछले एक महीने से ज्यादा समय से करनाल जेल में रखा है।
उनकी सलामती के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। मंगलवार को करनाल जेल की यात्रा के दौरान जेल अधिकारियों ने कोविड के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए जेल परिसर में प्रवेश करने से मना कर दिया। उन्होंने हरियाणा के सीएम से सवाल किया कि आखिर क्यों उन्हें इस तरह के घटिया तर्क देकर नौदीप कौर से मिलने से रोका गया।
उन्होंने कहा कि करनाल जेल में आवेदन जमा किए जाने के बावजूद हरियाणा पुलिस यह कह रही थी कि कोविड के कारण मीटिंग रद्द कर दी गई है। पड़ोसी राज्य के विपक्ष के नेता के रूप में मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि लोगों को नौदीप कौर से मिलने से क्यों रोका जा रहा है। क्या हरियाणा सरकार लोगों से कुछ छिपाने की कोशिश कर रही है। क्या सरकार इस बारे में जानकारी गुप्त रखना चाहती है या कुछ और कारण हैं। चाहे जो भी कारण हो आम आदमी पार्टी नौदीप कौर की तत्काल रिहाई की मांग करती है और आप नेताओं को एक वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में जेल में उनसे मिलने की अनुमति दी जाए।