फिरोजपुर में प्रेसवार्ता करते आशु बांगड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आम आदमी पार्टी को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को बड़ा झटका दे दिया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फिरोजपुर देहात से आप प्रत्याशी आशु बांगड़ ने आप को छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली। कांग्रेस में शामिल होते ही बांगड़ को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। फिरोजपुर देहात से कांग्रेस की वर्तमान विधायक सत्कार कौर हैं।
कांग्रेस ने 86 प्रत्याशियों की पहली सूची में सत्कार कौर समेत 12 मौजूदा विधायकों के नाम की घोषणा नहीं की थी। आशु बांगड़ को प्रत्याशी बनाने के बाद सत्कार कौर की दावेदारी पर संकट खड़ा हो गया है। अब सत्कार कौर की कांग्रेस छोड़ने की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज होने लगी हैं। आप पर चन्नी ने हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा किसानों के आंदोलन के दौरान किसानों से अपने धन संग्रह के बारे में पूछने के बजाय, आप को 2017 विधानसभा चुनावों के लिए एनआरआई चंदे की अपनी सूची सार्वजनिक करनी चाहिए।
फिरोजपुर देहात से आप के उम्मीदवार आशु बांगड़ के पार्टी से इस्तीफा देने के सवाल पर राघव चड्ढा ने कहा कि उन्हें भी अभी ही इस बारे में जानकारी मिली है। हमारे उम्मीदवार ने अरविंद केजरीवाल को जो पत्र भेजा है, उसमें हम पर आरोप लगाए हैं कि हमने उनसे होर्डिंग लगाने के लिए कहा है, क्या मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए था। चुनाव के दौरान अगर हम अपने उम्मीदवारों से ऐसा नहीं कहेंगे तो और क्या कहेंगे।
चन्नी को कांग्रेस ने नाइट वॉचमैन की तरह इस्तेमाल किया: आप
आम आदमी पार्टी के पंजाब सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने कांग्रेस पर दलित वोट के लिए मुख्यमंत्री चन्नी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। कांग्रेस सिर्फ अनुसूचित जाति के वोट के लिए चन्नी को यूज एंड थ्रो की तरह इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस के लिए चन्नी सिर्फ यूज एंड थ्रो का काम कर रहे हैं। चंडीगढ़ में सोमवार को पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा ने कहा कि ओबीसी-एससी नेताओं के नाम पर चुनाव में वोट लेकर मुख्यमंत्री बदलने का कांग्रेस का इतिहास रहा है।
महाराष्ट्र में भी कांग्रेस ऐसा कर चुकी है। वहां भी कांग्रेस ने चन्नी की तरह ही सुशील कुमार शिंदे का इस्तेमाल किया था। चुनाव से कुछ दिन पहले शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया और उनके नाम पर वोट लेकर चुनाव के बाद मुख्यमंत्री बदल दिया। महाराष्ट्र की तरह ही अब पंजाब में कांग्रेस चन्नी का इस्तेमाल नाइट वॉचमैन के रूप में कर रही है।