आम आदमी पार्टी और केजरीवाल की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कपिल मिश्रा के बाद अब इन दो नेताओं ने बड़े खुलासे करने का ऐलान किया है। भगवंत मान को प्रदेश प्रधान बनाने के बाद पंजाब 'आप' में शुरू हुआ घमासान और तेज होने के आसार हैं। अब घुग्गी और खैहरा जल्द बड़ा खुलासा कर सकते हैं। वहीं गुरप्रीत घुग्गी के पार्टी छोड़ने की चर्चा हो रही है।
मान को प्रधान बनाने के फैसले से पूर्व सूबा कनवीनर गुरप्रीत घुग्गी और चीफ व्हिप सुखपाल खैरा बेहद नाराज हैं। दोनों ने संकेत दिए हैं कि वे जल्द ही कोई बड़ा खुलासा कर सकते हैं। घुग्गी मंगलवार को सारा दिन अपने करीबियों के साथ बैठकें करते रहे। वे हाईकमान के फैसले से बेहद नाराज हैं।
एक दिन पहले दिल्ली में घुग्गी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि मान को प्रदेश प्रधान बनाने की ऐसी क्या जल्दी थी। इसके पीछे किसका दबाव था। घुग्गी ने यह भी कहा था कि अगर ऐसा ही करना था तो उन्हें हाईकमान कह देता, वे इस्तीफा भेज देते।
अमर उजाला से बातचीत में घुग्गी ने कहा कि वह एक-दो दिन में अपना स्टैंड साफ करेंगे। घुग्गी ने संकेत दिए कि वह बड़ा धमाका करेंगे, दिल्ली से भी बड़ा। उधर, दूसरे नाराज नेता सुखपाल खैरा ने भी ऐसे ही संकेत दिए हैं।
खैहरा ने चीफ व्हिप और प्रवक्ता पद से इस्तीफे की पेशकश की
सुखपाल खैरा
- फोटो : file photo
खैहरा ने हाईकमान के फैसले से नाराज होकर चीफ व्हिप और प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने की पेशकश भी की थी। हालांकि, पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। खैरा ने कहा कि वह मंगलवार रात को हालात और घटनाक्रम पर विचार करने के बाद बुधवार को अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। गौरतलब है कि केजरीवाल ने सोमवार को दिन भर पंजाब के नेताओं के साथ बैठक की थी, जिसके बाद भगवंत मान को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं पंजाब के नेता चाहते थे कि यह फैसला उनकी सलाह से लिया जाए।
अगर यह फैसला लोकतांत्रिक होता तो सुखपाल खैरा भी क्यों न नाराज होते। मैं एक-दो दिन में अपना स्टैंड स्पष्ट करूंगा।
- गुरप्रीत घुग्गी, पूर्व सूबा कनवीनर
मंगलवार को हालात और घटनाक्रम पर विचार करने के बाद बुधवार को मैं अपनी भावी रणनीति का खुलासा करूंगा।
- सुखपाल खैरा, चीफ व्हिप, आप