पंजाब में जनाधार को मजबूत कर सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी आम आदमी पार्टी ने जलियांवाला बाग के शहीदों को नमन कर प्रदेश की अकाली-भाजपा गठजोड़ सरकार के विरुद्ध ‘बेईमान भगाओ-पंजाब बचाओ’ मुहिम का शुभारंभ कर दिया।
इस मुहिम का आगाज करने पहुंचे आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में माफिया राज चल रहा है। राज्य में बढ़ती गुंडागर्दी के कारण बादल सरकार से आम आदमी का विश्वास उठ गया है। जलियांवाला बाग के बाहर संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में जन-जन का समर्थन हासिल करने के लिए ‘बेईमान भगाओ- पंजाब बचाओ’ मुहिम शुरू की गई है।
यह मुहिम आनंदपुर साहिब में 26 मई को खत्म होगी। उन्होंने आह्वान किया कि वह इस मुहिम के साथ जुड़ें। इससे पहले संजय सिंह और प्रदेशकन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर सहित दिल्ली से आई चालीस सदस्यीय टीम के सदस्यों ने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेक कर गुरुघर का आशीर्वाद लिया।
रैली में राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल की निंदा
जलियांवाला बाग से निकाले गए आम आदमी पार्टी के रोड शो के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल की भाजपा ने कड़ी निंदा की है। भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश शर्मा, महामंत्री सुरिंदर शर्मा, सुखमिंदर पिंटू, कंवर जगदीप सिंह ने कहा की आम आदमी पार्टी ने अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति और अपनी राजनीति को चमकाने के लिए राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल किया है जो की निंदनीय है। किसी भी पार्टी को अपने रैलियों में राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
कई बड़े नेता रहे गैरहाजिर
आप की ‘बेईमान भगाओ -पंजाब बचाओ’ अभियान के दौरान जहां वर्करों की संख्या काफी कम थी, वहीं कई बड़े नेता भी दिखाई नहीं पड़े। पटियाला के सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी आप की जालंधर से लोकसभा उम्मीदवार ज्योतिमान यात्रा में नहीं पहुंचे।