फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: अरविंद केजरीवाल ने विधायकों को दिया ईमानदारी का मंत्र, कहा-हर जिम्मेदारी अहम, जनता के लिए काम करें

Sun, 20 Mar 2022 12:29 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की।
विज्ञापन
विधायकों के साथ बैठक करते अरविंद केजरीवाल। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब के नवनिर्वाचित विधायकों को ईमानदारी का मंत्र दिया। विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि हर जिम्मेदारी अहम है। हमें सिर्फ जनता के लिए काम करना है। बैठक के लिए आप विधायक मोहाली के होटल में जुटे थे। बैठक में सीएम भगवंत मान और आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद हैं। भगवंत मान ने कहा कि लोगों ने हमें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। हमारा फर्ज है कि पंजाब में हर जगह जाएं। हमें सभी के लिए काम करना होगा। 

विज्ञापन


Koo App

आज AAP के सभी विधायकों से संवाद किया। हमें सभी को विनम्रता से पंजाब के लोगों की सेवा करनी है और किसी भी ग़लत काम से बचना है। श्री अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार राजनीति को आगे बढ़ाना है। पंजाब को फिर से ख़ुशहाली के रास्ते पर लेकर जाना है।

View attached media content

- Bhagwant Mann (@bhagwantmann) 20 Mar 2022

24 घंटे काम करें विधायक

अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि पूरा देश आपकी और आपके कामों की बात कर रहा है। अक्तूबर में क्षतिग्रस्त हुई फसलों के लिए मुआवजा जारी कर दिया गया है और आने वाले दिनों में किसानों को चेक मिलेगा। आपने सरकार बनाने के 3 दिनों के भीतर अच्छा काम किया है। केजरीवाल ने कहा कि हमें समय खराब नहीं करना है। उन्होंने नए बनाए मंत्रियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि चंडीगढ़ में नहीं बैठना है। 24 घंटे जनता के बीच में रहें और काम करें। कुछ विधायकों के मंत्री न बन पाने पर केजरीवाल ने कहा कि वे किसी से कम नहीं है। पंजाब के लोगों ने हीरे चुनकर भेजे हैं। 92 लोगों की टीम बनकर काम करना है, अपना स्वार्थ छोड़ें। इच्छाएं आगे आ गई तो पंजाब मर जाएगा। पंजाब की तरक्की के लिए हमें टीम की तरह काम करना होगा।

कभी भी घमंड न करें

मैं आप सबका बड़ा भाई हूं, आपको गाइड करूंगा। सबको जिम्मेदारियां मिलेंगी। छोटी हो या बड़ी, हर जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने विधायकों से कहा कि आप साधारण लोग हैं। कभी घमंड मत करना। विधायक रहते ऐसा काम करें कि आपकी ख्याति फैले। उन्होंने कहा कि जनता सर्वोपरि है। पूर्व सरकारों पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि पहले के लोग खुद को पैदायशी मुख्यमंत्री समझते थे, उन्हें जनता ने जवाब दिया। लोगों के काम कराने के लिए मंत्रियों से मिलें, लेकिन थानेदार और एसपी की पोस्टिंग करवाने न जाएं। भगवंत मान अपने हिसाब से अच्छे अफसरों की पोस्टिंग करें।

ईमानदारी से काम करें

सबसे जरूरी ये कि आप ईमानदारी से काम करें। हमने कट्टर ईमानदार सरकार बनाई है। मैं कुछ भी बर्दाश्त कर सकता हूं, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं कर सकता। अगर कोई शिकायत मिली तो दोबारा मौका नहीं दूंगा। बेईमानी मत करना और जनता के साथ बदतमीजी मत करना। उन्होंने आप विधायकों के औचक निरीक्षण के बारे में कहा कि ये ठीक है लेकिन बदतमीजी नहीं करना है। भाषा का ध्यान रखें। आपके पास कलम की ताकत है। हमें सभी की इज्जत करनी है। उन्होंने कहा कि हमें सिस्टम बदलना है। हाथ जोड़कर बात करें। कोई गलत काम करना जारी रखता है तो सीएम से शिकायत करें। हमें विरोधियों के परिवारों से वोट मिलें। केजरीवाल ने वाहे गुरु जी दा खालसा वाहे गुरु जी दी फतेह के साथ अपना भाषण खत्म किया।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें