लगातार अपनी ही सरकार पर निशाना साध रहे पंजाब कांग्रेस के प्रधान को अब विपक्षी भी सलाह देने लगे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने सिद्धू को पत्र लिखकर नसीहत दी है कि वह विपक्ष के नेता की तरह काम करना बंद कर दें। साथ ही उन्होंने 2017 में कांग्रेस द्वारा किए गए सभी अधूरे चुनावी वादों को तुरंत पूरा करने की मांग की है। पत्र के साथ 2017 में कांग्रेस का 129 पन्नों का चुनावी घोषणा पत्र भी भेजा गया है। चड्ढा का कहना है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस ने इसे अपनी आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया है। उन्होंने कहा कि अब तो सिद्धू ही सरकार हैं, इसलिए जल्द ही उन्हें अधूरे वादों को पूरा कराना चाहिए।
पंजाब सह प्रभारी ने सिद्धू को कहा कि सीट और सत्ता के लिए लंबी लड़ाई के बाद मिली जीत की आपको बधाई। आप कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षता चाहते थे, जो आपको मिली, हाईकमान आपके साथ है। आपको कांग्रेस के सभी विधायकों का समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विश्वास आपके साथ है। अब आप कांग्रेस हैं और आप पंजाब सरकार भी हैं, इसलिए, 2017 में कांग्रेस के सभी 129 अधूरे चुनावी वादों को पूरा करना आपकी जिम्मेदारी है।
चड्ढा ने नवजोत सिंह सिद्धू को कहा कि वह फिर से यह कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश न करें कि प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनेगी तो सभी वादे पूरे होंगे। चड्ढा ने कहा कि मौजूदा सरकार कांग्रेस की ही है। आपके पास अपने वादों को पूरा करने के लिए केवल छह महीने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े चार साल में न ड्रग्स माफिया जेल गए, न बेअदबी मामले में इंसाफ मिला, न माफिया राज खत्म हुआ और न ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हुआ। ये नवजोत सिद्धू खुद भी कहते हैं।