चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर चरणजीत सिंह चन्नी को आम आदमी पार्टी ने बधाई दी। आप नेताओं ने कहा है कि उन्हे 2017 में किए गए चुनावी वादे पूरे करने होंगे। शिअद और भाजपा नेता नए मुख्यमंत्री को लेकर चुप्पी साधे रहे। बसपा ने चन्नी को लेकर कहा कि कांग्रेस का 74 साल बाद दलित प्रेम जागा है।
चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर आप नेताओं ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि चरणजीत सिंह चन्नी अपनी 4-5 महीने की पारी के दौरान कांग्रेस द्वारा 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए सभी वादे पूरे करेंगे। क्योंकि बीते साढ़े चार वर्षों में सत्ताधारी कांग्रेस अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी।
आप ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले साढ़े चार वर्षों से कुर्सी छीनने और कुर्सी बचाने की जंग ने पंजाब के समूचे सरकारी तंत्र को बर्बाद कर दिया है। इसकी पंजाब और पंजाब के लोगों को भारी कीमत चुकानी पड़ी है। इस कारण आम आदमी पार्टी उम्मीद करती है कि नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के सभी वादों को पूरा करेंगे। नए मुख्यमंत्री को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
74 साल बाद दलितों के प्रति कांग्रेस का जागा प्रेम: बसपा
पंजाब में बसपा प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि आजादी के 74 वर्षों बाद कांग्रेस का पंजाब में दलित प्रेम जागा है। उन्होंने नए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब में दलित मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लेने में कांग्रेस ने देरी कर दी। अब पंजाब के लोग यह समझ चुके हैं कि चुनाव में कांग्रेस दलितों के वोट का फायदा उठाना चाहती है।