दिल्ली में जीत का परचम लहरा चुकी आम आदमी पार्टी की हवा पंजाब में भी चलने लगी है। पंजाब की तमाम लोकसभा सीटों से बड़ी संख्या में लोगों ने आप के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
इनमें हर वर्ग के लोग शामिल हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पार्टी की प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी ने हर हलके से दावेदारों को शॉर्ट लिस्ट करके राष्ट्रीय कमेटी को भेज दिया है। बहुत जल्द पंजाब से आप के 12 उम्मीदवारों का ऐलान किया जा सकता है।
तीन सौ से ज्यादा आवेदन
पंजाब के चुनावी दंगल में पहली बार उतरी आप ने चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे थे। तीन सौ से ज्यादा आवेदनों की जांच के बाद सवा दो सौ से ढाई सौ लोगों को इंटरव्यू केलिए बुलाया गया था।
20 से 24 फरवरी तक देश भगत यादगार हॉल, जालंधर में इंटरव्यू हुए। इंटरव्यू लेने वालों में स्क्रीनिंग कमेटी के अलावा कुछ बुद्धिजीवियों को भी शामिल किया गया था। उम्मीदवारों के चयन के पैमाने में प्रतिभा, आचरण, देश के आर्थिक, सामाजिक, सभ्याचारक और सियासी मामलों की जानकारी, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का जज्बा शामिल था।
काफी खास लोग आए सामने
चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, प्रोफेशनल, रिटायर्ड टीचर, उद्यमी तक शामिल रहे। करीब तीस महिलाओं ने भी आप के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
वहीं, कई सीनियर सिटिजन भी आगे आए हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के कनवीनर सुमेल सिंह सिद्धू ने बताया कि इंटरव्यू के साथ ही रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जा रही थी।
इंटरव्यू खत्म होने के बाद भी सभी हलकों का पैनल बना कर राष्ट्रीय चुनाव कमेटी को भेज दिया गया है। वहां से देश के उम्मीदवारों का बारी-बारी से ऐलान किया जाएगा। पंजाब के उम्मीदवारों का ऐलान बहुत जल्द होने की उम्मीद है।
पटियाला से सबसे ज्यादा आवेदन
आप का असर सारे शहरी हलकों पर नजर आ रहा है। पटियाला से सबसे ज्यादा लोगों ने आप के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। यहां से पार्टी के प्रमुख नेता डॉ. धरमवीर गांधी की दावेदारी भी मजबूत है। वहीं, आनंदपुर साहिब और फिरोजपुर संसदीय हलकों से भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं।
लुधियाना से फूलका हैं उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी पंजाब में लुधियाना हलके से पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। यहां से पार्टी ने एडवोकेट एचएस फूलका को उम्मीदवार बनाया है, जो चुनाव अभियान शुरू भी कर चुके हैं।