आम आदमी पार्टी के कोर ग्रुप पंजाब के नाम से एक व्हाट्सएप चैट बुधवार को वायरल हो गई। जिसे लेकर सियासी हलकों में दिन भर हलचल रही। शाम को आप ने बयान जारी कर इसका खंडन किया। व्हाट्सएप ग्रुप के नाम में पंजाबी में आम आदमी पार्टी और ब्रैकेट में कोर टीम पंजाब लिखा था। वायरल हुए स्क्रीन शॉट्स में सीएम दिल्ली एके की ओर से लिखा गया था कि भगवंत तुम्हारी टीम बहुत स्लो है, बगैर डोनेशन कैसे चलेगा।
एनआरआई को किसी और मुद्दे पर अपने साथ जोड़ो। भगवंत मान की ओर से इसका जवाब भी दिया गया है। डीसीएम मनीष सिसोदिया जी की ओर से भी भगवंत मान को कहा गया है कि आप लोग कह देते हो पर रिजल्ट जीरो है। इसमें बलजिंदर कौर, नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा के नाम से भी मैसेज डाले गए हैं। दिन भर यह व्हाट्सएप चैट चर्चा का विषय बनी रही।
चैट में कई विवादित बातें भी लिखी थीं। आखिर शाम को आप ने इस पर सफाई जारी कर दी। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर आप नेताओं के नाम को लेकर चल रहे झूठे प्रचार का खंडन किया। इसे झूठ का पुलिंदा और नीच हरकत करार दिया। पार्टी के सूबा लीगल विंग के प्रमुख एडवोकेट जसतेज अरोड़ा ने कहा कि ऐसा झूठा प्रचार आप को बदनाम करने को किया जा रहा है, इसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।
पंचायत चुनाव और बरनाला रैली की सफलता के बाद आप विरोधियों की नींद उड़ गई है और वे ऐसी घटिया साजिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी ऐसा झूठा प्रचार करने वाली वेबसाइट और अन्य शरारती लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।