एक फौजी की नानी की हत्या होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 22 सितंबर को फिरोजपुर छावनी में स्थित एक बाजार में सरेआम महिला की हत्या कर दी गई थी। कार्रवाई न होने से नाराज फौजी ने वीडियो के जरिए प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई है। वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डीजीपी पंजाब और रक्षामंत्री से मदद मांगी है। पीड़ित फौजी फिरोजपुर निवासी है और इन दिनों रांची में तैनात है।
विनीत ने वीडियो में कहा कि थाना कैंट के प्रभारी नवीन शर्मा को पिछले एक साल से शिकायत कर रहे थे कि उनके परिवार को कुछ लोगों से खतरा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उसके अधिकारी ने भी एसएसपी प्रीतम सिंह को शिकायत भेजी थी, एसएसपी ने शिकायत आगे एसएचओ नवीन शर्मा को भेज दी, लेकिन उसे दबा दिया गया।
वीडियो में विनीत धमकी दे रहा है कि उसे इंसाफ नहीं मिला तो एसएचओ नवीन और आरोपियों को नहीं छोड़ेगा। 22 सितंबर को उस पर और उसकी नानी जानकी देवी पर आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला किया था। नानी की मौत हो गई थी। अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लाल कुर्ती निवासी इंदूबाला (विनीत की मां) ने कहा कि थाना कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद किया जबकि हमला सात लोगों ने किया था। पुलिस उन पर राजीनामा करने का दबाव बना रही है। इस बारे में उन्होंने एसएसपी प्रीतम सिंह, सैनिक भलाई कार्यालय में कई बार सूचना दी, लेकिन इंसाफ नहीं मिला। विनीत का एक साल पहले नेहा से विवाह हुआ था और 2012 में वह फौज में भर्ती हुआ था।