चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शहर में ट्रैफिक लाइट पाॅइंट और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बैटरियां और यूपीएस चोरी करने वाके गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सेक्टर 56 निवासी मोहम्मद अलि, बासू और मोनू के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 22 से 24 साल है। पुलिस ने 7 जनवरी को सेक्टर 39 और 40 लाइट पॉइंट के पास साइकिल सवार से मोबाइल झपटने के मामले में सन्नी नाम के युवक को पकड़ा था। जिसने अपने साथी मोहम्मद अलि, बासू और मोनू के बारे में खुलासा किया। पुलिस ने सन्नी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने ही शहर में कई स्थानों से बैटरियां और यूपीएस चोरी किए थे। आरोपियों से 18 बैटरियां बरामद हुईं। पुलिस पूछताछ कर रही है कि उन्होंने और कहां कहां से बैटरियां चोरी की थीं।
इन स्थानों से हो चुकीं बैटरियां चोरी
27 दिसंबर 2024 और 8 जनवरी 2025 को शहर के सेक्टर 9/10, 54/55 और 55/56 से बैटरी के साथ यूपीएस चोरी किए गए थे। इससे पहले सेक्टर 3 और 39 थाना पुलिस ने यूपीएस यूनिट और बैटरी चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद सेक्टर 38/40 और 33/45 स्थित लाइट पॉइंट पर लगे कैमरों की बैटरियां और यूपीएस चोरी हुए थे।
बॉक्स बैटरी और यूपीएस चोरी के दो और केस दर्ज
चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर वरुण चुग की शिकायत पर सोमवार को दो और केस दर्ज किए। शिकायत के अनुसार 10 जनवरी को सेक्टर 28 और 29 पूर्व मार्ग से 6 बैटरियां और दो यूपीएस चोरी हुए। इस मामले में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। इसके अलावा 27 दिसंबर को सेक्टर 53 और 54 डिवाइडिंग रोड से एक बैटरी और यूपीएस चोरी हुई। इस मामले में सेक्टर 36 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।