शुभदीप की हथियारों को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका
जर्मनी में छिपे आतंकी गुरमीत सिंह बग्गा के भाई की गिरफ्तारी के बाद खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के एक और आतंकी शुभदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शुभदीप सिंह के खिलाफ पहले भी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज है। सूत्रों के अनुसार तरनतारन के गांव चीचा का रहने वाला शुभदीप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये गिराए गए हथियारों को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाई है।
तरनतारन में मिले दो बम
तरनतारन के पट्टी के अधीन गांव लोहका के तारकोल प्लांट से दो बम बरामद हुए हैं। तारकोल प्लांट में रहने वाली उषा रानी ने बताया कि जब वह प्लांट में लगे पेड़ों की काट छांट कर रही थी तो वहां पर उसने दो बम देखे। उसने तुरंत गांव के सरपंच अजीत सिंह को सूचना दी। बम को देखने के बाद तारकोल प्लांट में कार्य करने वाली लेबर वहां से तुरंत हट गई।
सरपंच अजीत सिंह की तरफ से बम मिलने की सूचना चौकी कैरों के इंचार्ज सतपाल सिंह को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की नाकाबंदी की और लोगों को निर्देश दिए कि वह बम के पास न जाएं। पुलिस ने दोनों बमों को कब्जे में ले लिया है।
तरनतारन के एसएसपी ध्रुव दहिया ने कहा कि जिस स्थान से बम बरामद हुए हैं वहां पर पहले आर्मी की छावनी हुआ करती थी। घटनास्थल के पास आर्मी के जवान प्रैक्टिस किया करते थे। बरामद किए गए बम पुराने और खस्ता हाल हैं। उन्होंने कहा फिर भी पुलिस द्वारा क्षेत्र की नाकाबंदी कर शनिवार सुबह विशेष सर्च अभियान चलाया जाएगा।