जगाधरी-अंबाला मार्ग स्थित मनका गांव के एक ढाबे पर खड़ी हिमाचल रोडवेज की बस में से शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान टेकचंद उर्फ टेकू निवासी शिवाले जाहर नेपाल के रूप में हुई। बस चंडीगढ़ से हरिद्वार के लिए जा रही थी। मुलाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएम अस्पताल के शव गृह में रखवा कर मामले की सूचना मृतक के परिजनों को कर दी है। व्यक्ति की मौत का कारण ज्यादा शराब का सेवन बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार टेकचंद शिमला के पास चौकीदार का काम करता था। सोमवार को वह अपने साले जोगिंदर के साथ नेपाल जाने के लिए हिमाचल रोडवेज की बस में सवार हुआ था। सोमवार रात को करीब साढ़े 11 बजे बस चालक ने खाना खाने के लिए ढाबे पर बस रोकी थी। जब मृतक के साले ने खाना खाने के लिए टेकचंद को उठाया तो वह नहीं उठा।
मामले की सूचना तुरंत मुलाना पुलिस को दी गई। मामले की सूचना मिलते ही मुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और टेकचंद को उपचार के लिए एमएम अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।
मृतक के साले ने उसकी मौत का कारण शराब का ज्यादा सेवन बताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाकर मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। उनके आने पर ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। संजय कुमार, जांच अधिकारी, थाना मुलाना।