संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गांव देविदासपुरा के 22 वर्षीय सिमरनजीत सिंह संधू की कनाडा में गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सिमरनजीत को उनके परिवार ने 10 अगस्त 2023 को पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए कनाडा भेजा था। परिवार के लिए खुशी का अवसर, अब गम में बदल गया है। कनाडा पुलिस ने मृतक के परिवार को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।
सिमरनजीत के माता-पिता, रजवंत कौर और सुखदेव सिंह ने बताया कि उनका बेटा हत्या का शिकार हुआ और उसका शव जंगल से बरामद किया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के नए परिचित ही इस हत्याकांड में शामिल हो सकते हैं। परिवार के अनुसार सिमरनजीत कुछ दिन पहले अपने माता-पिता को फोन कर बता चुका था कि उसने कनाडा में पीआर (स्थायी निवास) के लिए आवेदन किया है और अमेरिका का दस साल का वीजा भी प्राप्त कर लिया है। पीड़ित परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से आग्रह किया है कि सिमरनजीत के शव को जल्द से जल्द भारत भेजा जाए और हत्या में शामिल आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। गांव में इस घटना को लेकर गहरा सदमा है, और लोग मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।