फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिरोजपुर से 925 और गुरदासपुर से 1600 प्रवासी बिहार रवाना, 179 पाकिस्तानी भी अपने वतन लौटे

Wed, 27 May 2020 02:05 AM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, अमर उजाला, फिरोजपुर/गुरदासपुर/अमृतसर (पंजाब)
विज्ञापन
पंजाब से प्रवासियों का पलायन जारी।
विज्ञापन

पंजाब से लगातार प्रवासी मजदूर अपने प्रदेशों को लौट रहे हैं। मंगलवार को मानसा से 188 मजदूरों को पहले फिरोजपुर भेजा गया फिर वहां से ट्रेन के जरिए बिहार रवाना कर दिया गया। ट्रेन के जरिए फिरोजपुर से 925 लोगों को बेतिया (बिहार) भेजा गया। वहीं गुरदासपुर से 1600 मजदूरों को बिहार भेजा गया। पाकिस्तान के 179 नागरिक अटारी-वाघा बार्डर के रास्ते अपने देश लौट गए हैं। पंजाब में इन जगहों से भेजे गए फंसे लोग...

विज्ञापन


घर लौटीं नगालैंड की 22 लड़कियां
नगालैंड से पंजाब में आकर काम कर रही 22 लड़कियां को अमृतसर से मंगलवार को उनके घरों को भेज दिया गया है। बता दें कि इन्हें लॉकडाउन के दौरान एक हॉस्टल और होटल मालिक ने दो महीने तक बंधक बना रखा था। एलेग्जेंडर स्कूल प्रशासन व जिला प्रशासन ने सभी को बसों से नगालैंड भेज दिया। जानकारी के मुताबिक अमृतसर से 22 और पूरे पंजाब से 90 लड़कियों को तीन बसों में नगालैंड भेजा गया है।


यह भी पढ़ें- पिता ने थमाई थी हॉकी, जुनून ने बनाया दुनिया का सितारा, पढ़ें- दिग्गज खिलाड़ी बलबीर सिंह की अनसुनी बातें
विज्ञापन


पाकिस्तान के 179 लोग वतन लौटे 
वाघा बार्डर के रास्ते मंगलवार को 179 पाकिस्तानी अपने वतन लौट गए। यह सभी लोग लॉकडाउन से पहले भारत में अपने रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक स्थलों के दर्शन और कुछ मेडिकल इमरजेंसी वीजा पर आए थे। लॉकडाउन की वजह से ये सभी यहां पिछले दो महीने से फंसे थे।

मानसा: बिहार के 188 प्रवासियों को बसों से भेजा फिरोजपुर 
बिहार के 188 प्रवासियों को मानसा के सरकारी नेहरू मेमोरियल कॉलेज में बने खेल स्टेडियम से बसों के जरिए फिरोजपुर भेजा गया है। फिरोजपुर से सभी प्रवासी ट्रेनों से बिहार जाएंगे। सहायक कमिश्नर (ज) कम नोडल अफसर नवदीप कुमार ने बताया कि इन 188 प्रवासियों में से 32 प्रवासी बेतिया और 156 प्रवासी पूर्णियां डिवीजन से संबंधित हैं।

प्रवासियों को रवाना करने से पहले स्क्रीनिंग करवाई गई। एसडीएम मानसा सर्वजीत कौर ने बताया कि प्रवासियों को मानसा से दो शिफ्टों सुबह साढ़े आठ बजे व सुबह साढ़े 10 बजे बसों के जरिये रवाना किया गया है। स्क्रीनिंग करवाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किया।

विज्ञापन

फिरोजपुर: ट्रेन से 925 प्रवासी बेतिया रवाना

फिरोजपुर छावनी रेलवे स्टेशन से मंगलवार को श्रमिक स्पेशल ट्रेन के माध्यम से 925 प्रवासी मजदूर बिहार के बेतिया रवाना हुए। सभी मजदूरों का किराया पंजाब सरकार ने रेलवे को 9.52 लाख रुपये अदा किए। जिला प्रशासन की तरफ से मजदूरों को खान-पान की सामग्री दी।

डीसी कुलवंत सिंह ने बताया कि फिरोजपुर से अभी तक सरकार की तरफ से कुल 12 ट्रेनों को यूपी और बिहार के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया जा चुका है, जिनका सारा खर्च पंजाब सरकार की तरफ से वहन किया गया है। मंगलवार देर शाम को 13वीं श्रमिक ट्रेन भी फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से बिहार के लिए रवाना की जाएगी। 

प्रवासी श्रमिकों को कैंट रेलवे स्टेशन पर खाना, पीने के लिए पानी समेत कई तरह की सुविधाएं भी मुहैया करवाई गईं और खासकर सोशल डिस्टेंसिंग, हाईजीन और साफ-सफाई का खास ध्यान रखा गया। सभी यात्रियों को मास्क भी दिए गए। वहीं ट्रेन में सवार होने से पहले स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी यात्रियों की जांच की गई और स्क्रीनिंग के दौरान फिट पाए जाने के बाद ही यात्रियों को ट्रेन में सवार होने की आज्ञा दी गई।

गुरदासपुर: 1600 प्रवासी मजदूर बिहार रवाना 
गुरदासपुर से मंगलवार को दूसरी विशेष गाड़ी के माध्यम से 1600 प्रवासी मजदूरों को बिहार रवाना किया गया। ट्रेन को हलका विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा और डीसी मोहम्मद इशफाक ने रवाना किया। पाहड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने इस संकट की घड़ी में प्रवासी मजदूरों की बाजू पकड़ी है। 

डीसी मोहम्मद इशफाक ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रवासी मजदूरों को गुरदासपुर जिले में रहने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। मंगलवार को 1600 प्रवासी मजदूरों को बिहार भेजा गया, जबकि 19 मई को 1195 प्रवासी मजदूरों को उत्तर प्रदेश भेजा जा चुका है। इसके अलावा गुरदासपुर से बसों के जरिए अमृतसर और होशियारपुर के रेलवे स्टेशनों पर चल रही गाड़ियों तक भी उन्हें पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को रेलवे विभाग से 10 लाख 16 हजार रुपये की टिकट लेने के बाद मजदूरों को भेजा गया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें