पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के शुक्रवार को संपन्न हुए चुनाव में मतदाताओं ने जबरदस्त जोश दिखाया और कुल मतदान 85 प्रतिशत रहा। 3580 वोटरों में से 3052 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। शुक्रवार को सुबह से ही हाईकोर्ट में वकीलों ने मतदान में जबरदस्त जोश दिखाया।
मतदान के लिए पहुंचे वोटरों से वोटिंग बूथ के नजदीक अपने पसंदीदा उम्मीदवार के लिए वोट की प्रार्थना करते वकील दिखाई दिए। दिन भर वोटरों में यही जोश दिखाई दिया और शाम को चार बजे मतदान की प्रक्रिया को पूरा कर वोटों के रूप में प्रत्याशियों के भविष्य को बक्सों में भर वोटों की गिनती के लिए भेज दिया गया। शाम साढ़े पांच बजे वोटों की गिनती आरंभ की गई और यह देर रात तक चली।
वोट घटे पर प्रतिशत बढ़ा
खास बात यह रही कि जहां पिछली बार के मुकाबले इस बार वोटिंग में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। जहां पिछले साल 4075 वोटरों में से 3246 ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था और कुल 80 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं इस बार 3580 में से 3052 वोटरों ने मतदान किया जो कुल वोट का 85 प्रतिशत है। ऐसे में अगर कुल वोट देखे जाएं तो गत वर्ष 4075 के मुकाबले इस वर्ष 3580 थे और इस वर्ष वोटरों की संख्या में 13 प्रतिशत की कमी आई है।