हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग को हरियाणा दिवस पर 81 नई एंबुलेंस मिली हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार सुबह अपने निवास से इन एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव नवराज संधू, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव शिवरमन गौड़, मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल ओएसडी एमएस चोपड़ा, ओएसडी रविंद्र हुड्डा, रणधीर सरोहा, एनआरएचएम निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. एनके अरोड़ा, पंचकूला सिविल सर्जन डॉ. वीके बंसल और अन्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने एंबुलेंस रवाना करते समय कहा कि प्रदेश में मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहनों की संख्या 500 की जाएगी। शुक्रवार को शामिल की गई एंबुलेंसों में 21 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और 60 सामान्य एंबुलेंस हैं।
फिलहाल इनकी संख्या 411 है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को शामिल की गईं एंबुलेंसों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण हैं। इसके साथ ही प्रदेश में एडवांस सपोर्ट एंबुलेंसों की संख्या 21 से बढ़कर 42 हो गई है।
नवराज संधू ने कहा कि ‘हरियाणा स्वास्थ्य वाहन सेवा नंबर-102’ में दी जा रही एंबुलेंस सेवा के अंतर्गत प्रत्येक एंबुलेंस में एक तकनीकी सहायक भी उपलब्ध करवाया गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार से परिवहन के दौरान मरीजों को आपातकाल में संभालने के लिए एक प्रशिक्षित सहायक भी मुहैया करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सेवा देने वाली एंबुलेंस वाहन में हृदय, रक्तचाप, सांस से संबंधित प्राथमिक उपचार के लिए उपकरण भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि 102 सेवा के अंतर्गत एंबुलेंस वाहनों को जीपीएस प्रणाली से भी जोड़ा गया है ताकि जिले में स्थापित केंद्र से इस पर निगरानी रखी जा सके।
किसी पर भी सीएम की फोटो नहीं
खास बात यह है कि शुक्रवार को शामिल की गईं एंबुलेंसों पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा या केंद्रीय नेता की फोटो नहीं लगाई गई है। गौरतलब है कि केंद्र ने पंजाब की एंबुलेंसों से मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की फोटो हटाने को कह रखा है, अन्यथा ग्रांट बंद करने की चेतावनी दे रखी है।