हरियाणा में सोमवार को कोरोना के 793 और ओमिक्रॉन के आठ नए मामले सामने आए हैं। 10 दिन से कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी होने से सक्रिय मरीजों की संख्या 3107 पहुंच गई है। इनमें से 2118 होम आइसोलेट हैं। जून के बाद अब रोजाना मिलने वाले केसों की संख्या अधिक होने से एक दिन की संक्रमण दर भी बढ़कर 2.63 फीसदी पहुंच गई है।
बीते 24 घंटे में गुरुग्राम में 460 और फरीदाबाद में 110 केस मिले हैं। अंबाला 41, पंचकूला 35, करनाल 33, यमुनानगर 19, रोहतक 17, कुरुक्षेत्र 15, झज्जर 10, हिसार 9, सोनीपत 11, पानीपत 12, रेवाड़ी 7, कैथल 6, जींद-महेंद्रगढ़ 3-3 और सिरसा-चरखी दादरी में 1-1 मरीज मिला है। भिवानी, पलवल और नूंह में एक भी केस नहीं आया है। वहीं, ओमिक्रॉन के कुल 71 मरीजों में से 59 ठीक हो चुके हैं, जबकि 12 अभी सक्रिय हैं।
पहले दिन 55 हजार किशोरों का हुआ टीकाकरण
हरियाणा में 15 से 18 साल के 54979 हजार किशोरों ने पहले दिन कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण कराया। सबसे अधिक पानीपत में 8062 और अंबाला में 7612 बच्चों का टीकाकरण हुआ, जबकि नूंह में सबसे कम मात्र 266 किशोरों को ही टीका लगाया गया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि हिसार में 7012, भिवानी में 989, चरखी दादरी में 2133, फरीदाबाद में 1954, फतेहाबाद में 335, गुरुग्राम में 4751, झज्जर में 386 और जींद में 537 किशोरों को कोवाक्सिन का टीका लगाया गया। इसी प्रकार, कैथल में 1409, करनाल में 4222, कुरुक्षेत्र में 424, महेंद्रगढ़ में 1215, पलवल में 5093, पंचकूला में 934, रेवाड़ी में 1560, रोहतक में 702, सिरसा में 601, सोनीपत में 1244 और यमुनानगर में 3538 किशोरों को कोवाक्सिन का टीका लगाया गया।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित
हरियाणा में तेजी से बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते खेलो इंडिया यूथ गेम्स का सोमवार को होने वाला उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। पांच से 15 फरवरी तक होने वाले खेल भी स्थगित करने पड़ सकते हैं। हालांकि, यह फैसला फरवरी माह में कोरोना के केसों को देखते हुए ही लिया जाएगा।
बता दें कि सोमवार को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को लांचिंग कार्यक्रम में शिरकत करनी थी। विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी भी कर ली थी लेकिन मुख्यमंत्री ने कोरोना के देखते हुए इसे टाल दिया है। प्रदेश के खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा खेलो इंडिया को लेकर बाकी तैयारी पूरी की जा चुकी है लेकिन अंतिम फैसला कोविड की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा। उन्होने प्रदेश के लोगों से की अपील है कि 15 साल से 18 साल के बच्चों का टीकाकरण जरूर कराएं।