चंडीगढ़। पार्किंग में वाहनों के अव्यवस्थित मिलने पर नगर निगम ने 8 से 17 अक्तूबर के बीच शहर के दोनों पार्किंग ठेकेदारों पर 80 हजार रुपये का चालान किया है। इनमें जोन एक की साइट नंबर-32 में अव्यवस्था मिलने पर 10 हजार और जोन 2 के सेक्टर-5, 8, 9, 17 और 22 में अव्यवस्था मिलने पर 70 हजार रुपये का चालान किया गया है।
बीते सितंबर माह में निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने दोनों पार्किंग ठेकेदारों के साथ बैठक कर आवश्यक सुविधाओं को सुधारने के निर्देश दिए थे। एक माह बाद आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम पार्किंगों की लगातार निगरानी कर रही है। आयुक्त ने पार्किंग के प्रवेश व निकास द्वार पर बैरिकेडिंग करने, कर्मचारियों के पूर्ण गणवेश, हाथ में डंडा व एक सीटी, बड़ी पार्किंग में दो लोगों की मौजूदगी, गाड़ियों की व्यवस्थित पंक्ति, प्रवेश द्वार पर एलईडी स्क्रीन लगाने का आदेश दिया था। ठेकेदारों ने व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा भी किया था। कुछ दिन व्यवस्थाओं को ठीक करने के बाद हालात फिर पहले जैसे हो गए हैं। लोगों की शिकायत पर निगम दोनों कंपनी के ठेकेदारों का चालान कर रहा है। अब तक दोनों ठेकेदारों पर तीन लाख से ज्यादा का चालान हो चुका है।