चंडीगढ़। शहर में पटाखों की बिक्री और चलाने पर यूटी प्रशासन ने रोक लगा रखी है। सोमवार को एसडीएम (दक्षिण) रूपेश कुमार ने पलसौरा में जांच की तो तीन दुकानों पर पटाखों की बिक्री की जा रही थी। एसडीएम ने तीनों दुकानों को सील करने के आदेश जारी कर दिए। साथ ही स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के निर्देशों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दुकानदारों पर केस भी दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एसडीएम (दक्षिण) रूपेश कुमार ने बताया कि इन दुकानों में पटाखों की बिक्री चल रही थी, जिसके चलते ही सीलिंग के आदेश दिए गए।