Jagdish Raja elected as Jalandhar mayor
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम में लगातार 10 सालों तक विपक्ष के नेता रहे जगदीश राज राजा वीरवार को शहर के मेयर चुने गए। उनके नाम का प्रस्ताव केंद्र से विधायक राजिंदर बेेरी ने दिया। दलित महिला पार्षद सुरिंदर कौर को सीनियर डिप्टी मेयर और हरसिमरनजीत सिंह बंटी को डिप्टी मेयर चुना गया।
इससे पहले शहर की ऑब्जर्वर मंत्री अरुणा चौधरी ने तमाम कांग्रेस पार्षदों से सर्किट हाउस में बैठक ली। उनको हाईकमान के फैसले से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने विधायक परगट सिंह को एक लिफाफा सौंपा, जिसको सीएम की ओर से भेजा गया था। इसमें मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के नाम थे। इसके बाद तमाम पार्षद नगर निगम पहुंचे, जहां पर उनको शपथ दिलाई गई।
डिविजनल कमिश्नर राजकमल चौधरी, कमिश्नर बसंत गर्ग ने पहले पार्षदों को शपथ दिलाई। इसके बाद मेयर चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। कमिश्नर राजकमल चौधरी ने वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद बलराज ठाकुर को अध्यक्षता के लिए बुलाया और स्टेज पर बैठाया। मेयर पद के लिए जगदीश राज राजा का नाम का प्रस्ताव कांग्रेस विधायक राजिंदर बेरी ने पेश किया तो हाउस के तमाम सदस्यों ने मेज थपथपा कर इसका समर्थन किया। बलराज ठाकुर ने यह भी प्रस्ताव दिया कि अगर कोई अन्य पद के लिए प्रत्याशी बनना चाहता है तो वह भी अपना नाम बोल सकता है, लेकिन किसी ने मेयर पद के चुनाव में खड़े होने के लिए हामी नहीं भरी।
पहली बार पति मेयर पत्नी हैं पार्षद
Jagdish Raja elected as Jalandhar mayor
- फोटो : अमर उजाला
करतारपुर से विधायक सुरिंदर चौधरी ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए दलित महिला पार्षद सुरिंदर कौर का नाम पेश किया तो सभी ने उसका समर्थन किया। डिप्टी मेयर के लिए युवा कांग्रेस पार्षद सिमनजीत सिंह बंटी के नाम का प्रस्ताव विधायक सुशील रिंकू ने पेश किया।
इसका तमाम कांग्रेस पार्षदों ने तालियां बजाकर समर्थन दिया। साथ ही कांग्रेस वर्करों ने मेयर जगदीश राजा, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर और डिप्टी मेयर बंटी को घेर लिया। सांसद संतोख चौधरी ने मेयर जगदीश राज राजा, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर व डिप्टी मेयर बंटी को कुर्सी पर बैठाया। इस दौरान उनके साथ विधायक सुशील रिंकू, विधायक बावा हेनरी, विधायक पद्मश्री परगट सिंह के अलावा जिला कांग्रेस के प्रधान दलजीत सिंह आहलूवालिया भी मौजूद थे।
निगम के इतिहास में पहली बार है कि मेयर की कुर्सी पर जगदीश राज राजा बैठेंगे। वहीं उनकी पत्नी अनीता राजा इसी हाउस की सदस्य होंगी। इस बार दोनों पति-पत्नी ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था और दोनों जीत गए थे। विधायक राजिंदर बेरी की पत्नी उमा बेरी भी पार्षद हैं और विधायक सुशील रिंकू की पत्नी डॉ. सुनीता रिंकू भी निगम पार्षद हैं।