संत समाज की तरफ से लंगर प्रबंधों के लिए उठाए मुद्दों पर मंत्री ने जिला प्रशासन को हिदायत दी कि लंगर सामान की ढुलाई करने वाले वाहनों को बिल्कुल न रोका जाए और उनको विशेष पास जारी किए जाएं। जिला प्रशासन की तरफ से सड़क किनारे लंगर न लगाने संबंधी अपील पर संत समाज ने कहा कि लंगर के दौरान संगत की सुरक्षा और सुचारू यातायात का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
संत समाज ने सरकार और जिला प्रशासन को समागमों की सफलता के लिए अग्रणी भूमिका निभाने का विश्वास भी दिलाया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री की तरफ से मुख्य समागमों के लिए तैयार किए जा रहे पंडाल, टेंट सिटी, संगत की सुविधा के लिए सभी 9 पार्किंग से शुरू की गई मुफ्त बस सेवा आदि का जायजा भी लिया।
तीन लाख से ज्यादा संगत ने नवाया शीश
बाबा नानक की पावन नगरी में संगत का सैलाब उमड़ने लगा है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का 550वां प्रकाश पर्व पहली से 15 नवंबर तक शुरू होगा लेकिन नानक नाम लेवा संगत का सैलाब अभी से सुल्तानपुर लोधी के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में पहुंचने लगा है। देर रात तक नगर कीर्तनों के पहुंचने का सिलसिला जारी था।
रविवार को करीब तीन लाख से ज्यादा संगत ने गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाया। वहीं दूरदराज के इलाकों से करीब 16 नगर कीर्तन पावन नगरी पहुंचे। रविवार को गुरुद्वारा श्री बाबा बुड्ढासर साहिब लोहटबंदी रायकोट जिला लुधियाना से नगर कीर्तन संत बाबा जसदेव सिंह लोहटबंदी वालों के नेतृत्व में विभिन्न शहरों से होता हुआ पहुंचा।
गुरुद्वारा श्री सचखंड ईशर दरबार जिला जालंधर से संत बाबा मान सिंह, गुरुद्वारा साहिब गांव धारीवाल जिला जालंधर से प्रधान गुरुद्वारा लोकल कमेटी मनदीप सिंह, गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब गांव बजवाड़ा जिला होशियारपुर से बाबा हरदेव सिंह तरनादल निहंग सिंह, गुरुद्वारा साहिब गांव झीताकलां जिला अमृतसर से प्रधान लोकल कमेटी गुरुद्वारा साहिब केवल सिंह, गुरुद्वारा श्री नानकपुरा साहिब जलालाबाद जिला फाजिल्का से मुख्य सेवादार सतनाम सिंह, गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब बलेरखानपुर जिला कपूरथला से बाबा दया सिंह के नेतृत्व में पावन नगरी पहुंचा।
इसके अलावा फिल्लौर, तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर तथा साहनेवाल लुधियाना के अलावा कई अन्य एरिया से नगर कीर्तन सुल्तानपुर लोधी पहुंचे और गुरुघर में नतमस्तक हुए। इतनी ज्यादा तादाद में नगर कीर्तन और संगत के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पुलिस प्रबंध भी चाक-चौबंद किए हुए थे।
इससे संगत को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के मैनेजर सतनाम सिंह रियाड़ के अनुसार सुल्तानुर लोधी में लगातार संगत और नगर कीर्तन के आगमन का दौर जारी है। अभी से गुरुद्वारा परिसर में संगत का हुजूम उमड़ रहा है। रविवार को तीन लाख से ज्यादा संगत ने गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।