महेंद्रगढ़ को औद्योगिक रूप से विकसित करने की योजना
महेंद्रगढ़ को पूरी तरह से औद्योगिक रूप से विकसित करने की योजना है। नारनौल के पास लॉजिस्टिक हब के साथ एक औद्योगिक पार्क भी स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने नांगल चौधरी से विधायक डॉ. अभय सिंह यादव द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दी। चौटाला ने कहा कि एचएसआईआईडीसी द्वारा बहु योजना लॉजिस्टिक हब केंद्र परियोजना के विस्तार के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। अगर निगम उक्त परियोजना के विस्तार के लिए भूमि खरीद करने में सफल हो जाता है तो इसका औद्योगिक उपयोग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने सदन के सदस्य से भी अनुरोध किया कि वे किसानों से सलाह करके 500 एकड़ भूमि उपलब्ध करवा दें तो यह पार्क जल्द आरंभ हो सकेगा। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि राज्य सरकार ने लैंड पुलिंग पॉलिसी बनाई है जिसके आधार पर किसान की भी हिस्सेदारी होगी।
कालका विधायक के सवाल पर डिप्टी सीएम का जवाब
कालका विधायक प्रदीप चौधरी ने प्रश्नकाल के दौरान अपने हलके में बन रही सड़कों और रिटेनिंग वाल का मुददा उठाया। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जो सड़कें और रिटेनिंग वाल बनाई जा रही हैं, उनमें धांधली हो रही है। मांधना से रायपुररानी तक जो सड़क बनाई जा रही है, उसमें घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियेां की कमेटी बनाई जाए और उन्हें मौके पर भेजा जाए तो पता चल जाएगा कि कितना घपला हो रहा है।
उनके सवाल पर लोक निर्माण विभाग के मंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सड़कों का जो मामला उठाया जा रहा है। वह मेरे संज्ञान में आया है। यहां पर एक रिजार्ट भी है। रिजार्ट तक जाने की सड़क भी सरकारी खर्च पर ठीक करवाने की बात कही जा रही है जो कि सरकार के लिए संभव नहीं है।
आफताब अहमद ने दो भाइयों को जिंदा जलाने की घटना पर सरकार को घेरा
नूंह के विधायक आफताब अहमद ने मंगलवार को विधानसभा सत्र में प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली को लेकर भाजपा-जजपा सरकार को जमकर निशाने पर लिया। हाल ही में राजस्थान के घाटमिका गांव के दो भाइयों को हरियाणा के भिवानी जिले में जिंदा जलाकर मारने की चौकाने वाली घटना पर नूंह विधायक आफताब अहमद ने संज्ञान लेते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है और ये स्वभाविक भी है, प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उनका विश्वास कमजोर हो रहा है।