वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के 40 फीसदी पद खाली
हरियाणा में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के 40 फीसदी खाली पड़े हैं। विधानसभा में पेश की गई जानकारी के मुताबिक 636 पदों में से सिर्फ 381 पद भरे गए हैं। वहीं, चिकित्सा अधिकारियों के 3903 स्वीकृत पद में से 3073 पद भरे हैं, जो करीब 71 फीसदी हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 197 स्वीकृत पदों में से 167 पद भरे गए हैं। यमुनानगर में चिकित्सा अधिकारियों के 191 स्वीकृत पदों में से सिर्फ 93 पद भरे हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास की ओर से पूछे गए सवाल पर दी है।
सिरसा के किसानों के लिए 623 करोड़ रुपये मुआवजा स्वीकृत
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने विधानसभा में बताया है कि 21 अगस्त को भारत सरकार की तकनीकी सलाहकार समिति के अनुसार खरीफ 2022 के लिए सिरसा का लगभग 623 करोड़ रुपये मुआवजा स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि 2019-23 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कंपनियों ने किसानों से प्रीमियम राशि के तौर पर 97990.87 लाख रुपये एकतित्र किया गया है। वहीं, इन तीन सालों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कंपनियों द्वारा किसानों को 330695.85 लाख रुपये मुआवजा दिया गया है। किसानों से संबंधित सवाल ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने पूछा था।