पठानकोट और लुधियाना में मंगलवार को दो कोरोना प्रभावित मरीजों की मौत के साथ ही पंजाब में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 46 हो गई। इसके अलावा एक ही दिन में राज्य में कोरोना के 41 नए पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं, जिनमें छह मरीज विदेश से पंजाब लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2342 हो गई है।
इस बीच, 17 मरीजों के ठीक होने की भी खबर आई है, जिससे कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 2017 तक पहुंच गई है। मंगलवार को सबसे ज्यादा 11 कोरोना पॉजिटिव केस जालंधर में सामने आए, जिनमें 8 लोग पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी हैं, जबकि तीन मरीज विदेश से लौटे हैं।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में अब बिना मास्क मिले तो देना होगा 500 रुपये जुर्माना, आदेश जारी
पठानकोट में 8 केसों की पुष्टि हुई, जिनमें एक मरीज विदेश से लौटा है। 4 लोग पहले से पीड़ित के करीबी और 2 मामले नए केस के रूप में दर्ज हुए हैं। इनके अलावा संगरूर में 6, लुधियाना में 4, अमृतसर, मोगा, कपूरथला, गुरदासपुर में 2-2 केस, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और नवांशहर में 1-1 पॉजिटिव केस दर्ज किया गया है।
इसी दौरान कोरोना से ठीक हुए 17 मरीजों में से 12 होशियारपुर और 5 गुरदासपुर के हैं। वहीं, कोरोना से मरने वालों लोगों की सूची से पंजाब सरकार ने दो नाम हटा दिए हैं, क्योंकि वे दूसरे राज्य के रहने वाले निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 96329 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 279 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है।
पठानकोट: कोरोना पॉजिटिव की मौत, सात नए केस मिले
पठानकोट में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को विभिन्न इलाकों में 2 बच्चों समेत 7 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इंदिरा कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की अमृतसर के जीएनडीएच आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई। नए मामलों समेत पठानकोट में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 69 पहुंच गया है। संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 4 हो गया है।
इनमें पहला मामला सुजानपुर निवासी महिला, दूसरा मामून के ऑटो ड्राइवर, तीसरा मीरपुर निवासी सब्जी आढ़ती और चौथा मामला शहर के इंदिरा कॉलोनी का है। एसएमओ डॉ. भूपेन्द्र सिंह के अनुसार सात पॉजिटिव में से 2 ओहरियां मोहल्ला, 2 अंदरूण बाजार,1 गांव शादीपुर निवासी,1 छोटा दौलतपुर निवासी तो एक अन्य मामला फ्रेंड्स कालोनी का है। वहीं, संक्रमितों में 7 और 8 साल के बच्चे भी शामिल हैं। डीसी ने बताया कि पठानकोट में अब तक कुल 69 मामले सामने आए हैं। जिनमें 7 नए केस मिलाकर 31 एक्टिव केस हैं।
कोरोना पीड़ित 86 साल के बुजुर्ग की मौत
लुधियाना में मंगलवार को मोहन दाई कैंसर अस्पताल में कोरोना से फौजी मोहल्ला नजदीक बस स्टैंड निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। लुधियाना में अब तक कुल नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में अब तक 201 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने 409 लोगों के सैंपल जांच को भेजे। वहीं एमसीएच वर्धमान से सात लोग ठीक होकर घर चले गए। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि मंगलवार को सात लोगों को सेहतमंद होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। इसमें छह आरपीएफ जवान और एक केंद्रीय जेल का बंदी है।