24 दिसंबर से विंटर फेस्टिवल सीजन शुरू हो रहा है। सभी स्कूलों में 31 दिसंबर तक छुट्टियां हो रही हैं। ऐसे में क्रिसमस से लेकर नए साल के जश्न के कारण शहर की सड़कों पर आवाजाही बढ़ जाएगी, लेकिन इस बार शहरवासियों को पार्किंग की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि शहर में पहली बार विंटर फेस्टिवल दिनों के लिए बाजारों में अतिरिक्त पार्किंगों की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है।
यहां पर लोग अपने वाहन निशुल्क पार्क कर पाएंगे। जबकि इस समय शहर की 25 पेड पार्किंग में शुल्क बढ़ाया गया है। फेस्टिवल सीजन के लिए स्कूलों, कालेजों के गेट पार्किंग के लिए और बाजारों के पास खाली पड़े खुले मैदानों को पार्किंग में बदला जाएगा।
एसएसपी ट्रैफिक ने इस बारे में डीसी अजीत बाला जी जोशी, कमिश्नर जितेंद्र यादव, शिक्षा सचिव और डीपीआई को पत्र लिखकर व्यवस्था करने के लिए कहा है। जहां जहां पर पार्किंगें बननी है उसकी जगह भी तय करके जोन वाइस भेजी गई है। मालूम हो इससे पहले शहर के कम्युनिटी सेंटर और स्कूल के गेट पार्किंग के लिए खोल दिए गए थे।
सेक्टर-15, 17, 18, 19, 20, 22, मनीमाजरा, 32, 34, 35,37,40, 41, 44 और मनीमाजरा के बाजारों के पास अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की है। जो 40 अस्थायी पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। यह सभी डीएसपी ट्रैफिक ने सर्वे के बाद तय किए हैं।